हम अपना अधिकार मांगते हैं, किसी से भीख नहीं मांगते
किसान पंचायत में कांग्रेसी दिग्गजों ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
जागरण संवाददाता, मथुरा : मंगलवार को कान्हा की नगरी में कांग्रेस ने किसान पंचायत आयोजित की, तो एक दर्जन से अधिक बड़े नेता भी जुटे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर पूर्व सांसद और राज्यसभा सदस्यों ने कृषि कानूनों के बहाने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने भाजपा सरकार पर जमकर प्रहार किए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की जमीन छीनना चाहती है। जो खेत जोतेगा, बोएगा वही खेत का मालिक होगा। हम अपना अधिकार मांगते हैं, किसी से भीख नहीं मांगते हैं। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि किसान आंदोलन में किसान अकेला नहीं है। प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में पार्टी किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। ऐसा आंदोलन आजादी के बाद से अब तक नहीं हुआ है। पूर्व राज्य सभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि किसान धरती का भगवान है, सरकार किसानों का ध्यान नहीं रख रही है। सही मायने में मोदी सरकार बेचूराम सरकार है। पूर्व सांसद राजा रामपाल ने कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ यही गलती कर दी कि अपने कार्यों का प्रचार-प्रसार नहीं किया। कांग्रेस किसान हितों में लड़ती रहेगी। पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि यदि दुनिया में झूठ बोलने वालों की प्रतियोगिता कराई जाए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रथम स्थान प्राप्त करेंगे। पूर्व एमएलसी विवेक बंसल ने भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि किसानों का भविष्य अंधकार में हैं। किसानों की दुर्दशा हो रही है। पूर्व सांसद राशिद अल्वी ने कहा है कि सरकार ने झूठ बोलने के अलावा कुछ नहीं किया है। नोटबंदी कर के अपने पैसे के लिए ही लाइन में लगवा दिया। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के पौत्र दिवाकर शास्त्री ने कहा कि आज भी जय जवान-जय किसान का नारा गूंजता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने कहा कि लोगों के मन में है कि काले कृषि कानून लाने वाली सरकार को जाना चाहिए। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमवीर यादव ने कहा कि भाजपा लोगों की भावनाओं से खेल रही है।