हम कराएंगे विकास, हमें दीजिए वोट
कांग्रेस के पक्ष में मथुरा-वृंदावन में घर-घर दस्तक दे छत्तीसगढ़ के सीएम ने मांगे वोट बोले मथुरा के झींगुरपुरा और वृंदावन के राजपुर में किया जनसंपर्क
संवाद सहयोगी, मथुरा : मंगलवार दोपहर डेढ़ बज रहे थे। सर्द हवाएं बदन को कंपा रही थीं, तब छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल घर-घर कांग्रेस को जिताने के लिए दस्तक दे रहे थे। एक घर की कुंडी खटकी, बबिता बाहर आईं। सीएम बघेल ने दोनों हाथ जोड़े और कहा कि आप कांग्रेस को जिताइएगा। हम विकास कराएंगे। बबिता से फिर नमस्कार कर वह आगे बढ़े और अगले दरवाजे पर दस्तक दी।
भूपेश बघेल मंगलवार को मथुरा विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर के लिए डोर-टू-डोर वोट मांगने पहुंचे। बघेल बिरादरी बाहुल्य झींगुरपुरा वह पहुंचे और करीब आधा दर्जन घरों में दस्तक दी। वोट मांगने का स्टाइल भी वैसा ही रहा। झींगुरपुरा में ही एक स्थान पर लोगों को संबोधित किया। बोले, कांग्रेस को जिताइए , कांग्रेस ही विकास कार्य करा सकती है। यहां से वह वृंदावन स्थित राजपुर कालोनी पहुंचे। यहां भी बघेल समाज के मतदाता अधिक हैं। यहां उन्होंने घरों पर दस्तक देकर कांग्रेस के लिए वोट की अपील की। यहां भी लोगों को संबोधित किया। कहा, भाजपा जनता की कसौटी पर खरी नहीं उतर रही। लोगों से सीधे जुड़ने के लिए बिजली बिलों का हवाला दिया। नौजवान बेरोजगार हैं, तो महिलाओं को सुरक्षा नहीं मिल पा रही। यहां से वह सीधे ठाकुर बांके बिहारी मंदिर पहुंचे। आराध्य के सामने शीश नवाया। यहां कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर, पूर्व जिलाध्यक्ष सोहन सिंह सिसौदिया, नगर अध्यक्ष नूतन बिहारी पारीक, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन शर्मा, पूर्व सभासद घनश्याम चौधरी, महेश चंद शर्मा, वैभव गौतम पाखी, अशोक वैद्य, वैभव सिद्ध, राजेश गौतम, बलराम शर्मा, दीपक बागवाला, ओम प्रकाश बघेल, गिरधारी बाग वाला, राहुल शुक्ला, दीपांशु शर्मा, शेखर सिसौदिया, मोहन शर्मा, राजवीर सिंह बघेल, बृजेश शर्मा मौजूद रहे।
बाक्स
भाजपा की डूब रही नैया
मथुरा: कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप माथुर के आवास पर मीडियाकर्मियों से बातचीत में छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा की नैया डूब रही है। ये चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है, लेकिन उनके मंत्री, विधायक भाजपा को छोड़-छोड़कर भाग रहे हैं । पहले योगी आदित्यनाथ को मथुरा से फिर अयोध्या से चुनाव लड़ाया जा रहा था, अब मठ में बैठा दिया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी, सपा सत्ता पाने को वोट मांग रही है, जबकि कांग्रेस पार्टी आम जनता के मुद्दों के लिए, योजना लागू कराने को वोट मांग रही है। कांग्रेस दमदारी से प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। नोएडा में उन पर आचार संहिता उल्लंघन के आरोप के सवाल पर कहा कि कोरोना प्रोटोकाल का उल्लंघन नहीं किया है। चुनाव आयोग से निवेदन किया है कि यह बताएं किस तरह प्रचार करना है, इसके लिए डेमो दें। कांग्रेस नेताओं पर ही एफआइआर हो रही हैं, भारतीय जनता पार्टी की रैली निकालने पर एफआइआर नहीं होती हैं।