खोदी गई पगडंडियां, रोके गए बॉर्डर के रास्ते
शहर से लेकर देहात तक की जा रही चौकसी पुलिस और प्रशासनिक अफसर कर रहे भ्रमण
संवाद सहयोगी, मथुरा : कान्हा की नगरी में कोरोना वायरस के संक्रमितों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को जिले को भी रेड जोन घोषित कर दिया गया। लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने ग्रामीण पगडंडियों को खोदे जाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। ये वह रास्ते हैं, जो ग्रामीण अंचल से होकर हरियाणा और राजस्थान को जोड़ते हैं। हाईवे समेत दूसरे मार्गों पर पहले से ही बैरियर लगाकर आवाजाही रोक दी गई थी।
जिले की सीमाएं सील हैं। इसके बाद भी लोग हाईवे और प्रमुख मार्गों से न जाकर ग्रामीण अंचल के रास्तों से राजस्थान और हरियाणा की सीमा में आ-जा रहे हैं। हालांकि, इन रास्तों की निगरानी का दायित्व सीमावर्ती गांवों के प्रधानों को सौंपा गया था, लेकिन प्रधान भी लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे। मोटरसाइकिल, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों से वह दूसरे प्रदेशों की सीमा में प्रवेश कर लौट रहे हैं। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को सख्त रुख अख्तियार किया। उन सभी कच्चे मार्गों को चिह्नित किया गया, जो दूसरे प्रदेशों के लिए जाते हैं। सीओ गोवर्धन जितेंद्र सिंह ने गोवर्धन और बरसाना इलाके के सभी कच्चे रास्तों को खोदने का कार्य शुरू करा दिया। इससे कोई भी वाहन लेकर दूसरे प्रदेश की सीमा में नहीं आ जा सकेगा और न ही दूसरे प्रदेश के लोग जिले की सीमा में दाखिल हो पाएंगे। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि सीमा से सटे सभी रास्तों को बंद कराने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है और पुलिस टीमों को भी लगातार गश्त के लिए लगाया गया है।
शहर के सील एरिया चौबियापाड़ा में दो नए कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन ने लॉकडाउन को प्रभावी बनाने के लिए चौकसी कड़ी कर दी है। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा, सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार सिंह, एसडीएम राजीव उपाध्याय और सीओ सिटी आलोक दुबे ने शहर के हॉट स्पॉट एरिया चौबियापाड़ा, लाल दरवाजा, मनोहरपुरा, दरेसी रोड, मुनियारा क्षेत्र का भ्रमण भी किया। ड्रोन के माध्यम से डीगगेट, मटियागेट, मनोहरपुर, लाल दरवाजा समेत दूसरे क्षेत्रों की निगरानी भी कराई गई। बताया गया है कि सील्ड एरिया में कुछ लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करके गलियों में घूमते नजर आए। उनको चिह्नित करने की कार्रवाई भी पुलिस कर रही है। क्वारंटाइन सेंटर की परखी सुरक्षा : क्वारंटाइन सेंटर से कोई संदिग्ध भाग नहीं सके। इसको लेकर शुक्रवार को ऊंचागांव के समीप एक स्कूल में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर का सीओ गोवर्धन जितेंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए और कहा कि सेंटर की कड़ी चौकसी की जाए। सीओ सदर रमेश चंद तिवारी ने वृंदावन के क्वारंटाइन सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था देखी।