यमुना की लहरों पर तेज प्रताप ने किया मन का भूचाल शांत
कृष्ण भक्ति में लीन होकर बृज के मंदिरों के कर रहे दर्शन, राजस्थान के डीग में बद्रीनाथ मंदिर में भी करने गए पूजा-अर्चना
जागरण संवाददाता, मथुरा: परिवार में तलाक का 'तूफान' लाकर बिहार छोड़ आए लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने शनिवार को वृंदावन में नौका विहार का आनंद लिया। यह मन में उठते भूचाल को पानी की लहरों के बीच शांत करने का ही शायद एक तरीका था। बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव कृष्ण भक्ति में लीन होकर ब्रज के मंदिरों के भी दर्शन कर रहे हैं। इस बीच वह मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं और अपनी पहचान को भीड़ में गुम कर देना चाहते हैं।
शनिवार को वृंदावन में दोपहर में केशीघाट के नजदीक अपने ब्रज के सखा पूर्व जेल विजिटर लक्ष्मण प्रसाद शर्मा के साथ तेजप्रताप यादव ने करीब आधा घंटा नौका विहार किया। इसके बाद साथियों के साथ निजी वाहन से गोवर्धन होते हुए राजस्थान में डीग के निकट बद्रीनाथ के दर्शन किए। बद्रीनाथ के नजदीक लक्ष्मण झूला, ऋषिकेश, अलकनंदा आदि धार्मिक स्थलों के भी दर्शन किए। उसके बाद कामां होते हुए शाम ढले तेज प्रताप बरसाना के लाड़िलीजी मंदिर पहुंचे। कुछ समय कंबल ओढ़कर कोने में चुपचाप बैठे रहे। जानकारी होने पर मीडियाकर्मी भी पहुंच गए। फोटो खींचने का प्रयास करने पर तेजप्रताप के साथियों की कहासुनी हुई। इसके बाद आनन-फानन में वे वहां से रवाना हो गए।
मीडिया के सामने गेस्ट हाउस से नहीं निकले
वृंदावन: तेजप्रताप यादव मीडिया से इतनी दूरी बनाए हुए हैं कि जिस गेस्ट हाउस में ठहरे हैं, वहां से निकलने से पहले मीडिया कर्मियों की जानकारी कर रहे हैं। जब तक मीडियाकर्मी गेस्ट हाउस से नहीं हटते, वे कार में नहीं बैठ रहे। शनिवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। दोपहर तक मीडिया के कारण गेस्ट हाउस से बाहर नहीं निकले। दोपहर 1.30 बजे मीडियाकर्मी गेस्ट हाउस से हटे तो तुरंत कार मंगवाई और पीछे वाले गेट से कार में बैठकर राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर रवाना हो गए।