नौहझील मार्ग पर अंडरपास पुल का डिवाइडर ले रहा जान
एक ओर सकरी सड़क होने के कारण डिवाइडर से टकरा रहे वाहन शुक्रवार रात में बाइक के टकराने से दो बाइक सवार युवक गंभीर
सुरीर(मथुरा), संसू। नौहझील मार्ग पर यमुना एक्सप्रेस वे के नीचे बना अंडरपास पुल का डिवाइडर हादसे करा रहा है। एक ओर सड़क सकरी होने से आए दिन वाहन डिवाइडर में टकरा रहे हैं। करीब छह वर्ष के अंदर यह डिवाइडर आधा दर्जन लोगों की जान ले चुका है। छह दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। शुक्रवार रात इस डिवाइडर से टकरा जाने पर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ज्यादातर हादसे रात के समय व कोहरे की धुंध में होते हैं। अंडरपास पुल के समीप एक ओर सड़क सकरी होने से चालक अंदाजा नहीं लगा पाते और वाहन लेकर सीधे डिवाइडर में घुस जाते हैं। ग्रामीणों ने हादसे का पर्याय बने डिवाइडर को दुरस्त करने की कई बार मांग की है, लेकिन सबंधित विभाग एवं प्रशासन ने इस ओर अभी तक कोई ध्यान नहीं दिया है। अब वातावरण में सुबह-शाम हल्की-हल्की धुंध छानी शुरू हो गई। ऐसे में इस डिवाइडर से वाहनों के टकराने का खतरा ज्यादा बढ़ गया है। युवा क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राजपूत ने मौत का डिवाइडर बताते हुए कहा कि तकनीकी रूप से इसे काफी लंबा एवं गलत ढंग से बना रखा है। पुलिस की तत्परता से बची जान:
कोसीकलां के गोपालबाग निवासी जीतू व राजकुमार उर्फ घोलू शुक्रवार रात करीब 10 बजे मांट की ओर से बाइक पर लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डिवाइडर से टकरा जाने पर तेज रफ्तार बाइक करीब आठ मीटर ऊपर हवा में उछल गई थी। दोनों युवक नीचे सड़क पर आकर गिर पड़े थे। अंडरपास पुल के समीप गश्त को खड़ी सुरीर पुलिस की गाड़ी में सवार पुलिस कर्मी दौड़ पड़े और घायल युवकों को अपनी गाड़ी से अस्पताल को ले गए। पुलिस की तत्परता के चलते समय पर उपचार मिलने पर दोनों की जान बच गई।