फीरोजाबाद में तैनात राजस्व निरीक्षक को बना दिया गुंडा!
राजस्व निरीक्षक को थमाया 110 जी का नोटिस सिटी मजिस्ट्रेट से लगाई गुहार
मथुरा, जासं। थाना सदर बाजार निरीक्षक की आख्या 23 फरवरी, 2019 में उल्लेख किया गया है कि सत्यदेव निवासी नैनापुरम औरंगाबाद थाना सदर बाजार एक शातिर किस्म का अभ्यस्त अपराधी है। इसका जनता में भय और आतंक व्याप्त है। जनता का कोई भी व्यक्ति इसके विरुद्ध साक्ष्य देने का साहस नहीं कर पाता है। अप्रिय घटना घटित कर कभी भी शांति भंग कर सकता है। अत: इसका जनता में स्वछंद घूमना जनहित में नहीं है। पुलिस के इसी मजबून पर सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत से भी एक-एक लाख रुपये के दो जमानतें और उतनी ही धनराशि का स्वयं निजी बंध पत्र (मुचलका) दाखिल करने का आदेश पारित कर दिए गए।
बस, सत्यदेव बन गए पुलिस की नजर का गुंडा। ये सत्यदेव हैं कौन? जिनको नोटिस दिया गया है, वह तो सत्येंद्र देव सारस्वत हैं। राजस्व निरीक्षक के पद पर फीरोजाबाद की टूंडला तहसील में तैनात हैं। इन दिनों पैर में इंफेक्शन होने के कारण दयालु हॉस्पिटल में डॉ. वी मिश्रा से अपना उपचार करा रहे हैं। नौ अप्रैल को मिले सिटी मजिस्ट्रेट के नोटिस ने उनके होश उड़ा दिए।
फीरोजाबाद डीएम और तहसीलदार को भी इससे उन्होंने पत्र भेज कर अवगत करा दिया। राजस्व निरीक्षक ने बताया कि नोटिस में दर्ज नाम और बदलियत दोनों गलत है। यहां तक कि कॉलोनी का भी नाम गलत दर्ज किया गया है। राजस्व निरीक्षक ने सिटी मजिस्ट्रेट को इससे अवगत कराया है। इंस्पेक्टर सदर लोकेश कुमार ने बताया कि सत्यदेव के नाम का नोटिस उनको कैसे मिला। उनके संज्ञान में नहीं है। उनको परेशान होने की जरूरत नहीं है। वास्तविक सत्यदेव को तलाश कर उसे नोटिस दिया जाएगा।