कान्हा की नगरी में हाईअलर्ट, सोशल मीडिया पर निगाहें
पांच सालों में सांप्रदायिक तनाव फैलाने और दंगों में संलिप्त लोगों की सूची तैयार धार्मिक स्थलों की बढ़ाई गई निगरानी मिश्रित आबादी में खुफिया तंत्र सक्रिय
मथुरा, जासं। राम जन्मभूमि मसले पर सुप्रीम कोर्ट के फैसला सुरक्षित रख लिए जाने के बाद कान्हा की नगरी में हाई अलर्ट जारी हो गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह की सुरक्षा मजबूत होने के साथ अन्य धार्मिक स्थलों की निगरानी बढ़ा दी गई है। सांप्रदायिक तनाव फैलाने और दंगों में संलिप्त रहे लोगों की सूची तैयार कर ली गई है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की निगाहें टिकी हैं।
राम जन्मभूमि और बाबरी मस्जिद मामले की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में पूरी हो गई। फैसला आना बाकी है, इसके मद्देनजर मथुरा में सुरक्षा बल अलर्ट कर दिया गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह के रेड जोन में अभेद्य बंदोबस्त किए गए हैं। एसपी सिटी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि धारा 144 पहले से ही लागू है। शांति कमेटियों की मीटिग की जा रही है। इसके साथ ही चेकिग अभियान जारी है। एसपी सिटी ने बताया कि पांच-छह सालों के दौरान सांप्रदायिक तनाव फैलाने, भड़काऊ भाषण देने वाले और अराजकतत्वों की छंटनी कर ली गई है। किसी ने भी कानून व्यवस्था और शांति भंग करने की कोशिश की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आपत्तिजनक टिप्पणी सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले को गिरफ्तार कर तत्काल जेल भेजा जाएगा। नागरिक सुरक्षा संगठन और शहर के प्रमुख गणमान्य नागरिकों से भी संपर्क कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कहा जा रहा है।