शराब के विरोध पर गला घोंटकर मार डाली पत्नी
शराब पीकर पहुंचे पति का पत्नी से हुआ था विवादछह महीने पहले हुई थी शादी आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार
संवादसूत्र, तरौली (मथुरा) : छाता कोतवाली के गांव तरौली जनूवी में मंगलवार रात नशे में धुत युवक ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। दोनों की छह माह पहले ही शादी हुई थी। देर रात पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।
गांव तरौली जनूवी निवासी महेश रात मंगलवार साढ़े दस बजे शराब के नशे की हालत में घर पहुंचा। महेश की पत्नी पूनम (19) शराब पीने का विरोध करती थी। इसी बात पर दोनों के बीच में अक्सर विवाद हो जाता था। मंगलवार रात भी महेश घर पहुंचा तो उसकी पूनम से कहासुनी हो गई। इससे नाराज होकर महेश ने पूनम का साड़ी से गला घोंट दिया। मौके पर ही पूनम की मौत हो गई। वारदात के समय महेश की मां त्रिवेणी बाहर बरामदे में सो रही थीं। कम सुनवाई देने के कारण उनको घटना की जानकारी न हो सकी। महेश का बड़ा भाई भगत सिंह भी अपनी ससुराल गांव उस्फार गया था। महेश ने काल करके कुछ दूरी पर रहने वाले अपने चाचा फूल सिंह को पूनम की हत्या किए जाने की जानकारी दी। फूल सिंह अपने भतीजे साहब सिंह को लेकर घर पहुंचे, तो महेश ने अंदर से दरवाजा बंद कर रखा था। साहब सिंह ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सीओ छाता जगदीश कालीरमन और इंस्पेक्टर रवि त्यागी के पहुंचने पर महेश ने छत के रास्ते भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने स्वजन के सहयोग से आरोपित को पकड़ लिया।
पूनम के जीजा शंकर निवासी गांव मेघपुर थाना फरह ने महेश के खिलाफ थाना फरह में दहेज की मांग को लेकर पूनम का उत्पीड़न करने और उसके साथ मारपीट कर हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शंकर ने बताया, पूनम मूलरूप से मध्यप्रदेश के जिला सागर के गांव पड़रिया की निवासी थी। वह शंकर के यहां ही रहती थी। करीब छह महीने पहले उसने ही पूनम की शादी महेश के साथ की थी। एसपी देहात श्रीशचंद्र ने बताया, महेश ने अपनी पत्नी पूनम की गलाघोंट कर हत्या कर दी है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।