युगल भेष में दर्शन देकर राधाबल्लभलाल ने खेली होली
संवाद सहयोगी वृंदावन दुर्लभ पिय प्यारी को धाम जै जै जै श्री वृंदावन। चहुं दिसि गूंजत राधा नाम
संवाद सहयोगी, वृंदावन: दुर्लभ पिय प्यारी को धाम, जै जै जै श्री वृंदावन। चहुं दिसि गूंजत राधा नाम, जै जै जै श्री वृंदावन। होली के इन पदों के साथ पुरुषोत्तम मास में रविवार को ठा. राधाबल्लभलाल जू ने युगल भेष में दर्शन देकर होली खेली। पिचकारी से रंग की जगह गुलाब जल बरसा। सेवायतों ने आराध्य को होली के पद और रसिया गाकर रिझाया।
पुरुषोत्तम मास में ब्रज के तमाम प्रमुख मंदिरों में वह सारे आयोजन होते हैं जो वर्ष भर में अलग-अलग मौके पर किए जाते हैं। रविवार को ठा. राधावल्लभ मंदिर में होली महोत्सव का आयोजन किया गया। कोरोना संक्रमण के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रवेश नहीं था। ऐसे में सेवायतों ने आपस में ही ठाकुरजी का प्रतिनिधित्व करते हुए होली की परंपरा निभाई। राकेश मुखिया के नेतृत्व में होली के पद गाए गए।