Move to Jagran APP

पहली ही बारिश में टापू बना शहर, सड़कें धंसी

दो दिन 202 एमएम हुई वर्षा तीन डिग्री गिरा पाराजलभराव से शहर में निकलना हुआ मुश्किल

By JagranEdited By: Published: Tue, 20 Jul 2021 06:16 AM (IST)Updated: Tue, 20 Jul 2021 06:16 AM (IST)
पहली ही बारिश में टापू बना शहर, सड़कें धंसी
पहली ही बारिश में टापू बना शहर, सड़कें धंसी

जागरण टीम, मथुरा : मानसून में 24 घंटे की बारिश में ही शहर टापू बन गया। सड़कों पर जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लगातार हो रही बारिश के चलते स्थिति ये बनी कि सड़कें तालाब में बदल गईं। बारिश में कई स्थानों पर सड़कें धंस गईं, तो वृंदावन स्थित काशीराम कालोनी में ओवरहेड टैंक की सीढ़ी गिर गई।

loksabha election banner

वर्षा को तरस रही कान्हा की नगरी को मानसून ने 24 घंटे में तरबतर कर दिया। कृषि शोध केंद्र राया स्थित वेधशाला में रविवार को 177 एमएम और सोमवार को तीसरे पहर तक 25 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। 39-40 डिग्री सेल्सियस पहुंचे तापमान में भी तीन डिग्री सेल्सियस कमी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस मापा गया। 24 घंटे की बारिश में शहर के कई इलाके टापू बन गए। सुबह तक भूतेश्वर से स्टेट बैंक चौराहा के मध्य कंकाली और बीएसए इंजीनियरिग कालेज मार्ग पर पानी भरा रहा। इससे यातायात बाधित हो गया। राजीव गांधी नगर, माधव पुरी, डिफेंस कालोनी, लाजपत नगर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग के सर्विस रोड पर जलभराव हो गया। बलदेव पुरी, पूनम विहार, महेंद्र नगर, हंसराज कालोनी और उसके आसपास की बस्तियों में पानी भर गया। अनाज मंडी में भी दिन भर जलभराव की स्थित रही। वृंदावन में रामकृष्णमिशन, अटल्ला चुंगी, चैतन्य विहार ओवरब्रिज के मोड़ पर सड़क में गहरे गड्ढे हो गए। काशीराम कालोनी स्थित ओवरहेड टैंक का बाहरी हिस्सा रविवार शाम गिर गया, दूसरे दिन सोमवार को सीढि़यां भी गिर गईं। जलकल अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि

संस, मथुरा : शहरी क्षेत्र में जलभराव पर सोमवार को नगर आयुक्त अनुनय झा ने जलकल अभियंता को प्रतिकूल प्रविष्टि दी। कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में उपस्थित न रहने पर जलकल सहायक अभियंता नंद किशोर को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न होने पाए।

अंडरपास पुलों में पानी, ग्रामीणों को परेशानी

संसू, सुरीर: यमुना एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड व अंडरपास पुलों में बारिश का पानी भरने से ग्रामीणों को निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुरीर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस वे के सर्विस रोड व अंडरपास पुलों की हालत बदहाल है। एक्सप्रेस वे का सर्विस रोड जगह-जगह क्षतिग्रस्त पड़ा है। ग्रामीणों को सर्विस रोड और अंडरपास पुलों में होकर निकलने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुरीर के समीप नगला मोजी, तेहरा, सिंहावन व यमुना घाट जाने वाले अंडरपास पुलों की स्थिति खराब है। पोखर ओवरफ्लो, घरों में घुसा पानी

संसू, राया: पहली बारिश में ही राया कस्बा जलमग्न हो गया। बल्देव-मथुरा रोड स्थित कैमार कालोनी में पोखर का पानी ओवरफ्लो होकर भर गया। कालोनी का पानी बिजली सब स्टेशन में भर गया। इससे बिजली व्यवस्था भी ठप हो गई। कालोनी वासियों का कहना है कि काफी समय से पोखर की सफाई नहीं हुई है। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि ओवरफ्लो पानी की निकासी के लिए पंपिग सेट लगाया गया है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.