यमुना एक्सप्रेस वे पर चार हादसों में 10 वाहन टकराए, एक की मौत
कोहरे में सुरीर में पहले मैक्स-बस भिड़ीं उनमें दो स्लीपर कोच बसें और टकराईंपुलिस के पहुंचने में देरी होने पर एक घंटे तड़पते रहे घायल
जागरण टीम, मथुरा: कोहरा अब जानलेवा बन गया है। यमुना एक्सप्रेस वे पर बुधवार रात से गुरुवार सुबह ग्यारह बजे तक चार हादसों में 10 वाहन टकराए। इनमें एक मैक्स पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन यात्री घायल हो गए। घायल एक घंटे से अधिक समय तक घटनास्थल पर तड़पते रहे।
थाना बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस पर सुबह पांच बजे नोएडा से आगरा की ओर जा रही मैक्स पिकअप में पीछे से स्लीपर कोच बस ने माइलस्टोन 135-136 के बीच टक्कर मार दी। हादसे में मैक्स पिकअप चालक रहीस निवासी उस्मान कालोनी दशहरा मैदान थाना गंगापुर सिटी, जिला सवाई माधोपुर (राजस्थान) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पलटी मैक्स पिकअप से दो बस और टकरा गईं। दुर्घटना में 10 लोग घायल हो गए। बलदेव पुलिस एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची, तब तक घायल घटनास्थल पर ही तड़पते रहे। हादसे में नोएडा निवासी धर्मेंद्र, गाजियाबाद निवासी ज्ञानेश, मोनू, इटावा निवासी संजय तोमर, विकास यादव, शिवम, इकदिल नगर निवासी हर्षित की हालत गंभीर है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल और स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है। दूसरा हादसा यमुना एक्सप्रेस वे के माइलस्टोन 84 पर थाना सुरीर क्षेत्र में हुआ। आगरा से नोएडा के लिए जा रहीं दो बस एक-दूसरे से टकरा गईं। हादसे में अलीगढ़ निवासी महेश और आगरा निवासी शिवकांत घायल हो गए। तीसरी घटना थाना राया क्षेत्र में हुई, माइलस्टोन 109 पर दो कैंटर आगे-पीछे से टकरा गए। हादसे में औरैया निवासी कैंटर चालक शिवम घायल हो गया। इसके अलावा नौहझील थाना क्षेत्र में भी दो बसें आगे-पीछे से टकरा गईं,गनीमत रही कोई घायल नहीं हुआ।