मरीजों को ईश्वर मानकर सेवा करें स्वास्थकर्मी: ब्रजेश
ठा. बांकेबिहारी के दर्शन कर श्रीपाद बाबा गोशाला पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
संवाद सहयोगी, वृंदावन: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को हर हाल में बेहतर बनाने के प्रयास में जुटी है। चिकित्सक और स्वास्थकर्मी सरकारी अस्पतालों में आ रहे मरीजों को भगवान का रूप मानकर उनकी सेवा करें। मरीजों को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े।
ठा. बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने गुरुवार को पत्रकारों से कहा, प्रदेश में जर्जर पड़ी स्वास्थ्य सेवाओं को अब निजी अस्पतालों के समकक्ष लाने का प्रयास सरकार कर रही है। चिकित्सक हों अथवा चिकित्साकर्मी उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि अस्पताल, सीएचसी में आने वाले मरीजों को पूरी चिकित्सा सेवा मिलनी चाहिए। संसाधनों के अभाव में उन्हें बड़े अस्पतालों में भिजवाया जा सकता है। कहा, पूरा स्वास्थ्य महकमा एक परिवार की तरह है और पूरे महकमे ने अब स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार का संकल्प लिया है।जिला संयुक्त चिकित्सालय में संसाधनों और चिकित्सकों की कमी पर उन्होंने कहा कि सामने मांग आने पर कमी दूर की जाएगी।
इससे पहले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने ठा. बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर पत्नी के साथ मंदिर सेवायत गोपी गोस्वामी के आचार्यत्व में पूजा-अर्चना की। यहां से डिप्टी सीएम का काफिला जयपुर मंदिर स्थित श्रीपाद बाबा गोशाला पहुंचा। यहां ब्रह्मलीन श्रीपाद बाबा के चित्रपट का पूजन कर डिप्टी सीएम ने सपत्नीक दीपक जलाया और बाबा दामोदरदास का आशीर्वाद लिया। इस दौरान डिप्टी सीएम ने बाबा दामोदरदास के साथ आध्यात्मिक चर्चा की। भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, पूर्व चेयरमैन मुकेश गौतम, गोविद पांडे, उमेश पांडे, शशांक शर्मा समेत अनेक लोग मौजूद रहे। मुस्लिम आक्रांताओं ने कृष्ण जन्मभूमि में बनाई मस्जिद : उप मुख्यमंत्री
संवाद सूत्र, गोवर्धन(मथुरा):
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, मुस्लिम आक्रांताओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कब्जा कर मस्जिद बनाई थी। अब प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज है। ज्ञानवापी हो या श्रीकृष्ण जन्मभूमि, न्याय पालिका जो फैसला करेगी, उसका सभी को सम्मान करना है।
गुरुवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक पत्नी नम्रता पाठक के साथ गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने शंकराचार्य अधोक्षजानंद देव तीर्थ से आशीर्वाद लिया। शंकराचार्य ने सर्विस रोड निर्माण पर उनका ध्यान आकर्षित किया तो उप मुख्यमंत्री ने एसडीएम संदीप वर्मा से जानकारी ली। बिछुआ कुंड के सुंदरीकरण पर चर्चा की। सीओ गौरव त्रिपाठी से कानून व्यवस्था की जानकारी ली। ज्ञानवापी और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर उन्होंने अपने विचार प्रकट किए। शंकराचार्य अधोक्षजानंद ने उन्हें प्रसादी दुपट्टा भेंट किया। रामधन पहलवान, गौतम खंडेलवाल, दाऊजी, गुड़िया, बिहारी ठाकुर, जंगी आदि ने दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने दानघाटी मंदिर में भी दर्शन किए।