CoronaVirus Breaking: 14 वर्षीय किशोर में संक्रमण की पुष्टि, मथुरा में चार हुई संख्या
मथुरा में कोरोना पाॅजिटिव केस मिलने से खलबली। भरतपुर की जमात से वापस आए थे 15 लोग 11 की रिपोर्ट आई।
मथुरा, जेएनएन। मथुरा के ओल में एक 14 वर्षीय किशोर भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गया। उसकी जांच रिपोर्ट में रविवार को कोरोना वायरस पाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई। अब मथुरा में कोरोना पाॅजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। मथुरा के स्थानीय व्यक्ति में कोरोना पाॅजिटिव होने का ये पहला केस है। ओल कस्बे का तीन किमी का एरिया पूरी तरह से सील किया जा रहा है।
जिस किशोर में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, वह ओल के 15 लोगों के साथ भरतपुर की जमात में शामिल होने गया था। ये सभी नौ मार्च को भरतपुर गए थे, 12 मार्च को वापसी हुई थी। करीब एक सप्ताह बाद इन्हें एलआइयू की सूचना पर पुलिस और स्वास्थ्य टीम ने चौमुहां स्थित एक काॅलेज में बने सेंटर में क्वारंटाइन कर सैंपल जांच के लिए भेजा था। रविवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोना पाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई। सीएमओ डाॅ. शेर सिंह ने बताया कि 15 लोगों के सैंपल में 11 की रिपोर्ट आई है। इसमें केवल एक पाॅजिटिव मिला है, बाकी की रिपोर्ट निगेटिव है। पहले जिन तीन लोगों में कोरोना पाॅजिटिव होने की पुष्टि हुई थी, वह मथुरा के रहने वाले नहीं हैं। एक महिला आगरा के मंटोला मुहल्ले की है, जबकि एक व्यक्ति फतेहपुर सीकरी का है। जबकि दिल्ली की तब्लीगी जमात में शामिल हुआ, एक जमाती शामली का रहने वाला है। शामली के जिस जमाती में कोरोना की पुष्टि हुई, वह भी ओल की बड़ी मस्जिद में ही रुका था। ऐसे में पहले से ही एक किमी का एरिया सील कर दिया गया है। दूसरा मरीज भी यहीं से मिलने से खलबली मच गई है। अब यहां का तीन किमी का पूरा एरिया सील किया जाएगा।
आगरा के बाद फीरोजाबाद में सबसे ज्यादा संख्या
मंडल में आगरा में रविवार को सबसे ज्यादा कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या हो गई। सुबह आई रिपोर्ट में 12 नए मामलोंं में पुष्टि होने के बाद आगरा में संख्या 104 हो चुकी है। वहीं इसके बाद शनिवार तक आई रिपोर्ट के अनुसार फीरोजाबाद में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 14 है। मैनपुरी में 3 संक्रमित अब तक सामने आ चुके हैं।