Move to Jagran APP

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में दिया गांव, गौ, गंगा का मंत्र

मुख्यमंत्री योगी ने यहां चैतन्य बिहार में महामना गो ग्राम के लिए भूमि पूजन के बाद गायों को बचाने का यही संदेश दिया।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Sun, 11 Feb 2018 11:40 AM (IST)Updated: Sun, 11 Feb 2018 12:44 PM (IST)
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में दिया गांव, गौ, गंगा का मंत्र
सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में दिया गांव, गौ, गंगा का मंत्र

मथुरा (जेएनएन)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गांव, गौ और गंगा को बचाए बिना देश नहीं बच सकता है। सरकार ने बीते आठ महीने में गौ तस्करी को रोककर गोसंरक्षण किया है। अब गोसंवर्धन के लिए समाज को आगे आना होगा। वृंदावन भगवान के गौचारण की भूमि है। यह गोपालन की भूमि है ऐसे में यह अभियान यहीं से शुरू होना चाहिए।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री योगी ने यहां चैतन्य बिहार में महामना गो ग्राम के लिए भूमि पूजन के बाद गायों को बचाने का यही संदेश दिया। करीब 19 मिनट के अपने उदबोधन में योगी ने पूरा ध्यान गाय और उसके पालन पर ही दिया। उन्होंने कहा कि हमने यमुना के साथ भी वही बर्ताव किया जो गाय के साथ किया। ब्रज गौचारण की अत्यंत समृद्ध भूमि रही पर हम नई नस्ल पैदा नहीं कर पाए। गाय ऊर्जा देने का सशक्त माध्यम है। वह दूध, दही, खाद, गैस सब दे सकती है।

एलपीजी सिलेंडर पर खर्च की जाने वाली अमूल्य मुद्रा विदेश में भेजनी पड़ती है। गाय आधारित अर्थव्यवस्था से इसे रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि बहुत दिनों से वह गोसंवर्धन के लिए मंत्री से कह रहे थे। पिछले आठ दस महीने में बहुत कुछ बदला है। पहले बंगाल के लिए होने वाली गोतस्करी को रोका गया है। सरकार ने गायों के संरक्षण का काम किया है अब उसके संवर्धन के लिए समाज को आगे आना होगा। महामना मालवीय जी की सोच को साकार करने का समय आ गया है। गांव में हर परिवार के पास दो-दो दुधारू गाय होनी चाहिए। इसके लिए सक्षम लोग गांवों को गायों का दान करें।

उन्होंने कहा कि उन्नत किस्म का गोवंश पैदा करना ही सरकार का लक्ष्य है। इस दिशा में काम हो रहा है। हर जिले और विकास खंड में गोशाला विकसित केंद्र खोले जाएंगे। हर किसान को अच्छी नस्ल की दो गाय दी जाएंगी। इसकी कार्ययोजना तैयार हो चुकी है। सरकार हर तरह का सहयोग करने के लिए तैयार है। भारतीय नस्ल के गोवंश के लिए सरकार पूरा सहयोग करेगी। पंचगव्य, गोबर, मूत्र पर अलग से शोध की जरूरत है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज मथुरा के वृंदावन में महामना गौ ग्राम की भूमि का पूजन किया। उन्होंने यहां पर गौ ग्राम की आधार शिला रखी। उनके साथ महामना गौ ग्राम के मॉडल के उद्घाटन के दौरान मथुरा की सांसद सांसद हेमामालिनी और उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष राजीव गुप्ता भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यहां आगमन से पहले ही चैतन्य विहार फेज-टू के आसपास के इलाके की सुरक्षा को कड़ा कर दिया गया। इस दौरान एक सौ आठ ग्रामों के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच हैं।

मुख्यमंत्री ने महामना गौ ग्राम की आधारशिला रखने के साथ ही 108 ग्रामों के संपूर्ण विकास की योजना को भी हरी झंडी दिखाई। यहां गौ ग्राम में गोवंश के गोबर-मूत्र से निर्मित दवाएं और खाद का प्रयोग करने के लिए ग्रामीणों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। किसानों को भी गौ ग्राम के लिए प्रेरित किया जाएगा। गौ संरक्षण के लिए किसानों को जानकारियां दी जाएंगी। इस काम में देश भर के प्रतिनिधि भाग लेने के लिए आ रहे हैं और जो इस योजना के सपने को साकार करने का काम करेंगे।

मुख्यमंत्री को इस कार्यक्रम में दस बजे पहुंचना था। उनका हेलिकॉप्टर विलंब से पहुंचा। मथुरा के महामना गौ ग्राम में संत एवम गौ  भक्त पहुंचे थे। वेदपाठी ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं पूजन शुरू किया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.