परिवारवाद की राजनीति नहीं करती भाजपा: अनिल जैन
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने किए राधारानी मंदिर के दर्शन, राम मंदिर पर जल्द अध्यादेश लाएगी भाजपा
बरसाना, मथुरा: साठ सालों में जो काम कांग्रेस सरकार ने नहीं किए मात्र चार साल में भाजपा की सरकार ने किए है। आज भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की ओर बढ़ रहा है।
यह बात बरसाना पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल जैन ने पत्रकारों से कही। बुधवार को डॉ. अनिल जैन राधारानी के दर्शन करने बरसाना पहुंचे। सांसद का भाजपा के मंडल अध्यक्ष रासबिहारी गोस्वामी व कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। यादव मुहल्ला निवासी भाजपा नेता महेंद्र यादव के आवास पर सांसद डॉ. जैन ने कहा कि जल्द ही राम मंदिर पर भाजपा अध्यादेश लाएगी। राम भाजपा के इष्ट हैं तथा करोड़ो लोगों के आस्था के केंद्र है। 2019 में भी पूर्ण बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा परिवार वाद व जातिवाद की राजनीति नहीं करती। पार्टी समाज के तबके को साथ लेकर एक प्रगतिशील भारत के निर्माण में जुटी हुई है। आज प्रधानमंत्री मोदी की वजह से भारत का विश्व में भी जनाधार बढ़ा है। जिला पंचायत सदस्य नरदेव चौधरी, आरआरएस के नगर प्रचारक रोहताश, पूर्व मंडल अध्यक्ष गिरधारी यादव, राजू शंकरा, रनवीर ठाकुर, राकेश शर्मा, सभासद माधो ठाकुर आदि मौजूद थे।