ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन कर निहाल हुए भक्त
एक महीने बाद भक्तों को मिले आराध्य के दर्शन
संवाद सहयोगी,वृंदावन: ठा. बांकेबिहारी के भक्तों का इंतजार मंगलवार सुबह खत्म हो गया। करीब एक माह बाद मंदिर के पट खुले तो वृंदावन की गलियां जयकारों से गूंज उठीं। सैनिटाइजेशन और थर्मल स्क्रीनिंग के बाद उन्हें मंदिर में प्रवेश दिया गया। निर्धारित दो हजार श्रद्धालुओं को ही आनलाइन पंजीकरण के बाद मंदिर में प्रवेश दिया गया।
चार मई को कोरोना कर्फ्यू शुरू होने के साथ ही ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद हो गए थे। मंगलवार को इन्हें फिर से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। आनलाइन पंजीकरण के जरिए दर्शन की व्यवस्था थी। सोमवार की शाम तक तय संख्या दो हजार लोगों ने अपना पंजीकरण करा लिया। सुबह सात बजे से पहले ही श्रद्धालु मंदिर के बाहर पहुंच गए और कतारबद्ध खड़े होकर अपने नंबर का इंतजार करने लगे। सुबह आठ बजे पट खुले तो भक्तों का इंतजार खत्म हुआ। कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए आराध्य के दर्शन किए। शाम को एक घंटे ही मिले दर्शन
नाइट कर्फ्यू के चलते मंदिर प्रबंधन ने शाम को दर्शन समय में परिवर्तन कर दिया है। शाम को 5.30 से 6.30 तक ही भक्तों को दर्शन की अनुमति मिली, जबकि मंदिर में सेवा नियमित रूप से जारी रही। द्वारकाधीश मंदिर के शाम के दर्शन समय में परिवर्तन
संस, मथुरा : कोरोना कर्फ्यू के कारण श्रद्धालुओं के लिए बंद चल रहे द्वारकाधीश मंदिर के पट बुधवार से खुल जाएंगे। मंदिर प्रशासन द्वारा मंदिर खोलने का समय जारी किया था, लेकिन अब शाम के समय में परिवर्तन किया गया है। बुधवार से भक्त आराध्य के दर्शन कर सकेंगे।
द्वारकाधीश मंदिर में श्रद्धालु बुधवार से सुबह 8.15 बजे से 8. 45 बजे तक और 10.15 बजे से 11 बजे तक ठाकुरजी के दर्शन कर सकेंगे। मीडिया प्रभारी एड. राकेश तिवारी ने बताया कि पहले शाम 4. 45 बजे से 5. 15 बजे का समय रखा गया था, इसके स्थान पर अब 4.45 बजे से 5.10 बजे दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद शाम 6.15 से सात बजे तक श्रद्धालु दर्शन करते थे, लेकिन अब शाम छह से साढ़े छह बजे तक ही दर्शन कर सकेंगे। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के 40वें दिन खुले श्रद्धालुओं के लिए पट
संस, मथुरा : कोरोना कर्फ्यू में छूट मिलने के बाद मंदिरों के पट खोले गए। श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर श्रद्धालुओं का 40 वें दिन प्रवेश हुआ। ठाकुरजी के दर्शन कर भक्तों के चेहरे खिल उठे।
सुबह 6.30 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान के प्रवेश द्वार खुलते ही भक्त हर्षित हो उठे। मुख्य द्वार पर संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, विशेष कार्याधिकारी विजय बहादुर सिंह, मंदिर अधिकारी अनुराग पाठक ने थर्मल स्क्रीनिग और हाथ सैनिटाइज कराकर भक्तों का स्वागत किया।
प्राचीन मंदिर ठाकुर श्री केशव देवजी महाराज में मंगला दर्शन से पूर्व मंदिर प्रांगण में सैनिटाइजेशन किया गया। पांच- पांच के समूह में भक्तों को दर्शन कराए गए। ठाकुरजी का श्रृंगार किया गया। भक्तों ने ठाकुरजी की जय-जयकार की। सेवायत बिहारी लाल गोस्वामी, श्यामाचरण गोस्वामी, गौरव गोस्वामी ने भक्तों को लड्डू का प्रसाद वितरित किया। मंदिर कमेटी अध्यक्ष सोहनलाल शर्मा, मीडिया प्रभारी नारायण प्रसाद शर्मा, महेश गोयल, सुरेश अग्रवाल, कृष्ण गोपाल शर्मा मौजूद रहे। उधर, प्राचीन दीर्घविष्णु मंदिर के द्वार भक्तों के लिए खोल दिए गए। सभी झांकियों के दर्शन भक्तों को कराए गए। ठाकुरजी की पूजा-अर्चना की गई। महिला भक्त मंडल द्वारा भजन प्रस्तुत किए गए। कोरोना संक्रमण से मुक्ति को प्रार्थना की गई। रामदास शास्त्री, सेवायत बालकृष्ण चतुर्वेदी, लालकृष्ण चतुर्वेदी, देवदत्त शास्त्री मौजूद रहे।