मथुरा में सेना भर्ती में पकड़ीं संदिग्ध मार्क्सशीट, प्रतिबंधित दवाएं
रंगीन फोटोस्टेट मार्क्सशीट लेकर पहुंचे अभ्यर्थी, तीसरे दिन 3708 ने लगाई दौड़, 219 हुए चयनित
जागरण संवाददाता, मथुरा: सेना भर्ती का तीसरा दिन काफी निराशाजनक रहा। अलीगढ़ जिले की तीन तहसील अलीगढ़, अतरौली और कोल के अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता की जांच की गई। पंजीकृत अभ्यर्थियों में से आधे से कम ने ही दौड़ में भाग लिया। सेना के अधिकारियों ने शनिवार को करीब 50 संदिग्ध मार्क्सशीट और बड़ी संख्या में प्रतिबंधित दवा पकड़ी। इसके अलावा दो अभ्यर्थियों को चोट भी आई हैं। शनिवार को 219 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनसे भी सात मेडिकल जांच को नहीं पहुंचे।
ईगल ग्राउंड पर चल रही सेना भर्ती में तीसरे दिन शनिवार को अलीगढ़, अतरौली, कोल के अभ्यर्थी सम्मलित हुए थे। भर्ती के लिए 8175 अभ्यर्थी आए थे, लेकिन पंजीकरण 5544 ने ही कराया था। इसमें से दौड़ में केवल 3708 अभ्यर्थियों ने ही भाग लिया और 219 अभ्यर्थी चयनित किए गए। करीब 50 अभ्यर्थियों की मार्क्सशीट संदिग्ध थीं। सेना के अधिकारी लगातार उद्घोषणा कर रहे थे कि दस्तावेजों की मूल कॉपी ही मान्य होगी, लेकिन दर्जनों अभ्यर्थी रंगीन सत्यापित कॉपी लेकर पहुंचे। सेना के अधिकारियों को यह कॉपी संदिग्ध नजर आईं। इसके अलावा भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं भी पकड़ी गईं। सेना के डॉक्टरों का कहना है कि शक्तिवर्धक प्रतिबंधित इन दवाओं के गंभीर साइड इफेक्ट होते हैं। सेना अधिकारियों की जा रही चे¨कग से मुन्नाभाइयों के भी पसीने छूट रहे हैं। एक अभ्यर्थी का पैर टूटा, दूसरे को लगी चोट
मथुरा : दौड़ में दो अभ्यर्थियों के चोट भी आई। अलीगढ़ के प्रवीण और अतरौली के भूरा दुर्भाग्य से घायल हो गए। मैदान पर मौजूद सेना के चिकित्सकों ने प्रवीण को उपचार के बाद एक बार फिर दौड़ने का मौका दिलाया। हालांकि प्रवीण फिर अपनी दौड़ पूरी नहीं कर सका। अतरौली के भूरा ¨सह के पैर में फ्रैक्चर हो गया। चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया। जांच में चिकित्सकों ने बताया कि अभ्यर्थी के पैर में पट्टी बंधी थी। पहले ही माइनर स्ट्रेच हो सकता है, जो दौड़ के दौरान बढ़ गया।
-------
किसी जाल में न फंसे अभ्यर्थी
मथुरा : यह भर्ती पूरी तरह निष्पक्ष की जा रही है। कोई भी जालसाज धांधली कर भर्ती नहीं करा सकता है। अभ्यर्थी अपनी मेहनत पर भरोसा करें और किसी जालसाज के चक्कर में न फंसे। जालसाल उनको झांसा देकर मोटी रकम वसूल सकता है।