Move to Jagran APP

मथुरा में आइस फैक्ट्री में अमोनिया का रिसाव, 29 बीमार

इंडस्ट्रियल इलाके स्थित प्रेम आइस फैक्ट्री में हुआ हादसा नजदीकी बस्ती में सुबह-सुबह मची अफरातफरी

By JagranEdited By: Published: Sun, 21 Apr 2019 12:46 AM (IST)Updated: Sun, 21 Apr 2019 06:22 AM (IST)
मथुरा में आइस फैक्ट्री में अमोनिया का रिसाव, 29 बीमार
मथुरा में आइस फैक्ट्री में अमोनिया का रिसाव, 29 बीमार

मथुरा, जासं। जयगुरुदेव आश्रम के निकट औद्योगिक स्थित प्रेम आइस फैक्ट्री में शनिवार सुबह अमोनिया गैस के रिसाव ने नजदीकी बस्ती के लोगों की नींद उड़ा दी। आंखों में जलन और घुटन से अफरातफरी मच गई। दहशत में लोग घर से निकलकर सुरक्षित ठिकानो की ओर भागने लगे। गैस की चपेट में आने से 29 लोग बीमार हो गए, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें महिलाओं और बच्चों की संख्या ज्यादा है।

loksabha election banner

शनिवार सुबह नगला चंद्रभान के लोग जागे भी नहीं थे कि प्रेम आइस फैक्ट्री से अमोनिया गैस का रिसाव होने लगा। आंखों में तेज जलन और घुटन से उनकी नींद टूट गई। कुछ लोगों ने बाहर निकलकर देखा तो बस्ती में भगदड़ मची थी। घुटन से लोग बस्ती छोड़कर भागने लगे। गैस की चपेट में आने से करीब 29 लोग बीमार हो गए। सूचना पर एसपी सुरक्षा ज्ञानेंद्र कुमार सहित कई थानों की पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। चिकित्सकों की टीम ने सुरक्षा के मद्देनजर मास्क वितरित किए। बीमार लोगों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया। किरन हॉस्पिटल में 13, जैन हॉस्पिटल में एक और जिला अस्पताल में 15 बीमार भर्ती थे। बिहारीलाल, राजू, सरला देवी को प्रथम उपचार देकर घर भेज दिया गया। सभी बीमार नगला चंद्रभान के ही थे। उधर, आनन-फानन में फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों ने प्लांट बंद कर दिया। इस प्लांट की क्षमता बर्फ की एक हजार सिल्ली प्रतिदिन बनाने की है। फैक्ट्री के मालिक चंद्रवीर निवासी कृष्णापुरी मौके पर नहीं पहुंचे थे। शाम तक एफआइआर नहीं हुई थी। 'गैस रिसाव के मामले में सुबह एसडीएम सदर को जांच के लिए भेजा था। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। सभी बीमारो की हालत में सुधार है और उन्हें घर भेज दिया गया है।'

सर्वज्ञराम मिश्र, जिलाधिकारी 'अभी तक किसी ने तहरीर नहीं दी है। कई लोग एफआइआर कराने की भी कह रहे थे। यदि कोई शिकायत नहीं करता है तो पुलिस अपनी तरफ से एफआइआर कर कार्रवाई करेगी'।

नितिन कसाना, थाना प्रभारी हाईवे


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.