गांव की सरकार में इस बार दिखेगा युवाओं का जोश
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए हो रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में एक लाख युवाओं ने वोटर बनने को भरे फार्म
संसू, भोगांव: गांवों की सरकार चुनने में इस बार युवाओं की भूमिका अहम होगी। मतदाता सूची के पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक जिले में सर्वाधिक करीब एक लाख युवाओं ने वोटर बनने को फार्म भरे हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तिथि का एलान भले ही न हुआ हो, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इन दिनों मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। एक जनवरी, 2021 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को वोटर बनाया जा रहा है। अब तक हुए विशेष बूथ दिवस पर जिले में करीब एक लाख युवाओं ने वोटर बनने को फार्म भरे हैं। इनके नाम मतदाता सूची में शामिल होना लगभग तय है। ऐसे में गांव की सरकारों के गठन में इनकी अहम भूमिका रहेगी।
एसडीएम सुधीर कुमार सोनी ने बताया कि युवाओं की चुनाव में भागेदारी के लिए अभियान चलाया गया था। पात्र मतदाताओं के नाम हरहाल में सूची में शामिल होंगे। श्रमिकों को मिलेगा आयुष्मान योजना का लाभ
संसू, भोगांव: मुख्यमंत्री जन आरोग्य का लाभ अब श्रमिकों को भी मिलेगा। श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए कवायद शुरू कर दी गई है। इसके लिए श्रम विभाग से पंजीकृत श्रमिकों का ब्योरा मांगा गया है।
मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना में गोल्डन कार्डधारकों को अनुबंधित अस्पतालों में मुफ्त इलाज दिया जाता है। गरीबों को एक साल में पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा है। अब इस योजना का लाभ पंजीकृत श्रमिकों को भी मिलेगा। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में श्रम विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर जिले में पंजीकृत श्रमिकों का ब्योरा मांगा है। आयुष्मान योजना के जिला प्रोग्राम कोआर्डिनेटर डा. सुधीर पांडेय ने बताया कि पंजीकृत श्रमिकों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ दिया जाएगा। इस संबंध में जरूरी होमवर्क किया जा रहा है।