बुलेट सवार बदमाश ने युवक से 10 हजार लूटे
रविवार तड़के शहर में देवी रोड पर हुई घटना से दहशत तलाश में जुटी पुलिस
जासं, मैनपुरी: माता-पिता को बाइक पर बैठाकर गांव जा रहे एक युवक को रविवार तड़के एक बदमाश ने देवी रोड पर मारपीट कर लूट लिया। बदमाश बुलेट बाइक पर सवार था। पीड़ित युवक पुलिसकर्मी समझ कर विरोध नहीं कर सका।
थाना बिछवां के गांव मधुपुरी निवासी बदन सिंह परिवार सहित शहर के मुहल्ला अग्रवाल में निवास करते हैं। खेतीबाड़ी के काम से उन्हें गांव जाना पड़ता है। रविवार सुबह साढ़े पांच बजे वह अपने माता-पिता को बाइक पर बैठाकर गांव के लिए रवाना हुए। खेती के लिए उनकी जेब में दस हजार रुपये रखे थे। शहर में देवी रोड पर मुहल्ला राजा के बाग के सामने पीछे से बुलेट बाइक पर सवार होकर आए बदमाश ने ओवरटेक कर उनकी मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी जेब में रखे दस हजार रुपये लूट लिए।
बदमाश के बुलेट बाइक पर सवार होने के कारण बदन सिंह उसे पुलिसकर्मी समझते रहे और विरोध नहीं कर पाए। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। बदमाश का पता लगाने के लिए सीसीटीवी का सहारा लिया गया इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि बदमाश के संबंध में सुराग मिले हैं, जल्द पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बाइक सवार बदमाशों ने लूटी महिला की जंजीर
संसू, कुसमरा: पुत्र के साथ गांव जा रही महिला की जंजीर बाइक सवार बदमाशों ने लूट ली और फरार हो गए। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई हैं।
मुहल्ला यादव नगर निवासी मल्ला देवी रविवार दोपहर दो बजे अपने पुत्र ऋषि के साथ बाइक पर बैठकर अपने पैतृक गांव नगला जसी जा रहीं थीं। शोभनपुर गांव के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रुकवा ली और उनके गले से सोने की जंजीर लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू की, लेकिन कोई हाथ नहीं आ सका। पीड़ित महिला ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। एसओ किशनी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामला दर्ज किया जा रहा है। बदमाशों का पता लगाकर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।