सुबह छाया रहा घना कोहरा, ठंड से ठिठुरे लोग
मौसम में हल्के सुधार से तापमान ने लगाई छलांग दोपहर में धूप से मिली राहत
जासं, मैनपुरी: बुधवार सुबह मौसम और खराब दिखा। सुबह-सुबह कोहरा तो राहों और आबादी के आसपास था, पाला भी ओस बनकर बरसा। इससे दोपहिया और सैर पर निकले नागरिकों के कपड़े भी भीग गए। फिर, बादल भी आसमान आ डटे तो धूप नहीं निकली। बयार का साथ मिलने से मौसम साफ हुआ तो दोपहर को निकली हल्की धूप से नागरिकों ने राहत ली।
मौसम कई दिन से परेशान करने वाला बना हुआ है। सुबह कोहरा और पाला नागरिक और वाहन सवारों के लिए दिक्कत की वजह बना, हल्की बयार के साथ यह कपड़ों को भिगोता रहा। इसके बाद बादल आसमान पर आ जमे तो धूप नहीं निकल सकी। गलन और ठिठुरन से हर कोई परेशान नजर आया। सुबह 11 बजे तक मौसम के ऐसे हाल से नागरिक ठिठुरते हुए अलाव तलाश करते रहे। सरकारी अलाव नहीं मिलने पर सर्दी से परेशान नागरिक कचरा और कूड़ा जलाकर शरीर को गर्म करते रहे।
दोपहर से पहले 11 बजे के दौरान हल्की बयार चली तो आसपास जमा कोहरा भी धीरे-धीरे साफ होता गया, बादल भी हटते चले गए। इसके बाद हल्की धूप भी निकल आई। नागरिक इसका शाम होने तक आनंद लेते नजर आए।
तापमान सुधरा: मौसम साफ होने से तापमान में भी कुछ सुधार हुआ है। इस दिन न्यूनतम तापमान 6.3 और अधिकतम 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह बीते साल इसी दिन के मुकाबले थोड़ा कम है। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, अभी मौसम कुछ सुधर सकता है। अगले दिनों में फिर से परेशान करने वाला होगा। नेपाली बौद्ध धर्मगुरु ने कछपुरा में बांटे कंबल: संसू, किशनी: क्षेत्र के कछपुरा- शमशेरगंज में आनंद बुद्ध बिहार पर नेपाल से आए बौद्ध धर्मगुरु ने असहाय ग्रामीणों को कंबल और आटे के पैकेट का वितरण किया। गुरुवार को जखा में कंबल वितरण होंगे।
कछपुरा में विक्रमशिला फाउंडेशन संस्था बौद्ध गया से आए नेपाल के बौद्ध धर्मगुरु ईशे लामा ने दो सैकड़ा असहायों को कंबल और आटे के पैकेट वितरित किए। बौद्ध धर्मगुरु ने बताया कि विक्रमशिला फाउंडेशन इसी प्रकार के जनहित के कार्य करके असहायों की मदद करती है। कोविड काल में लोग बेहद परेशान हैं, ऐसे लोगों की संस्था द्वारा हरसंभव मदद की जाएगी। इस मौके पर विक्रमशिला फाउंडेशन के संचालक बौद्ध भिक्षु योगजीत, सलाहकार राजीव शाक्य, पूर्व प्रधान सुशील शाक्य, लालसिंह, महेश चंद्र, दयाराम शाक्य, शीलरत्न, रामकिशन, राजीव कुमार, रामशरन पाल, जगपाल शाक्य, रामवीर शाक्य, दलवीर शाक्य, राकेश शाक्य, नेमा देवी आदि लोग मौजूद रहे।