कुनबा बढ़ा तो बढ़ गई दावेदारों की धड़कन
सपा का कुनबा बढ़ने के साथ ही टिकट के दावेदारों की धड़कनें भी बढ़ गई हैं। पहले से कतार में लगे दावेदारों को अब पार्टी में शामिल हुए नजदीकियों के भी दौड़ में शामिल होने का डर सता रहा है। ऐसे में टिकट पाने को कसरत पूरे जोर पर चल रही है। आए दिन सैफई से लेकर लखनऊ तक दौड़ लग रही है। कोई खुद के जिताऊ होने की दुहाई दे रहा है तो कोई सिफारिश के सहारे उम्मीद बांधे हुए हैं।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी: सपा का कुनबा बढ़ने के साथ ही टिकट के दावेदारों की धड़कनें भी बढ़ गई हैं। पहले से कतार में लगे दावेदारों को अब पार्टी में शामिल हुए नजदीकियों के भी दौड़ में शामिल होने का डर सता रहा है। ऐसे में टिकट पाने को कसरत पूरे जोर पर चल रही है। आए दिन सैफई से लेकर लखनऊ तक दौड़ लग रही है। कोई खुद के जिताऊ होने की दुहाई दे रहा है तो कोई सिफारिश के सहारे उम्मीद बांधे हुए हैं।
सपा में महीनों से टिकट की दावेदारी का सिलसिला चल रहा है। विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद ये सिलसिला तेज हो गया था, परंतु जैसे ही सपा में कई नेता भाजपा से टूटकर आए तो कोशिश चरम पर पहुंच गई है। सपा में शामिल होने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य का भी जिले में खासा संपर्क रहा है। उनकी बेटी संघमित्रा मौर्य यहां से चुनाव भी लड़ चुकी हैं। ऐसे में उनसे संपर्क रखने वाले नेताओं की भी लंबी सूची है। इनमें से कुछ नेताओं ने टिकट पाने को प्रयास भी शुरू कर दिए हैं। ऐसे में पहले से दावेदारी कर रहे सपा नेताओं में खलबली मची हुई है। कई दावेदार तो लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं। वहीं कुछ सैफई परिवार से अपनी नजदीकी भुनाने की जुगत में लगे हुए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही हाईकमान प्रत्याशियों की घोषणा कर सकता है। भोगांव सीट पर टिकट पाने वालों की सबसे लंबी कतार
सपा में टिकट पाने के लिए सबसे लंबी कतार भोगांव विधानसभा सीट पर है। तीन बार जीत के बाद पिछला चुनाव हारने वाले पूर्व मंत्री आलोक शाक्य तो मैदान में हैं ही, उनके अलावा नौ से अधिक नेता और टिकट मांग रहे हैं। पार्टी ने भोगांव के अलावा मैनपुरी, किशनी और करहल सीट पर अधिकृत रूप से प्रत्याशी चयन के लिए आवेदन नहीं मांगे थे, परंतु यहां भी दावेदारों की कतार है। किशनी विधायक ब्रजेश कठेरिया सहित आठ से अधिक लोग टिकट की कोशिश में जुटे हुए हैं। इन सीटों पर ये दावेदार
मैनपुरी सदर सीट पर विधायक राजकुमार यादव राजू के अलावा दो अन्य नेता भी टिकट मांग रहे हैं। करहल सीट पर वर्तमान विधायक सोबरन सिंह यादव तो मैदान में हैं ही, सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के भांजे एमएलसी अरविद यादव भी खुली दावेदारी कर चुके हैं। यहां कुछ अन्य नेता भी टिकट को कतार में हैं।