बेकाबू ट्रक ने वाहन का इंतजार कर रहे परिजनों को रौंदा
दंपती की मौके पर ही मौत अन्य परिजन घायल कुरावली में हादसा मृत दंपती एटा के जीसुखपुर निवासी अन्य हादसों में महिला की मौत 11 लोग घायल।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। बुधवार देर रात कस्बा कुरावली में रोड किनारे वाहन का इंतजार कर रहे एटा के परिवार को बेकाबू ट्रक ने रौंद दिया। दंपती की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य परिजन घायल हो गए। मृत दंपती एटा जिले के बताए गए हैं। वहीं एक अन्य हादसे में एटा की ही एक महिला की मौत हो गई। अन्य हादसों में आठ लोग घायल हो गए।
पहला हादसा कुरावली में हुआ। एटा जिले के थाना बागवाला क्षेत्र स्थित गांव जीसुखपुर निवासी सुनील, अपनी पत्नी रेनू, भाई नंदकिशोर, भाभी ममता के साथ बुधवार को थाना कुरावली के गांव नानामऊ रिश्तेदार के यहां गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। देर रात सभी लोग वापस लौटने के लिए कस्बा कुरावली में जीटी रोड किनारे खड़े होकर वाहन की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान बेकाबू ट्रक ने परिजनों को रौंद दिया। सुनील व उनकी पत्नी रेनू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके भाई-भाभी घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
दूसरा हादसा भी इसी थाना क्षेत्र में हुआ। एटा के थाना मलावन के गांव नगला भूड़ निवासी दिनेश चंद्र अपनी पत्नी ओमवती, भाभी श्यामा देवी के साथ कुरावली क्षेत्र के गांव लखौरा आए थे। गुरुवार सुबह तीनों लोग लखौरा के पास जीटी रोड किनारे खड़े थे, तभी एक ट्रक ने ओमवती को टक्कर मार दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
किशनी : गुरुवार सुबह कस्बा कुरावली निवासी नीरज अपने परिजनों के साथ कार से कानपुर जा रहे थे। कुसमरा-सौरिख मार्ग पर किशनी क्षेत्र में सलमानपुर के पास सामने से आई प्राइवेट बस ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार नीरज पुत्र मुन्नालाल, पूनम गुप्ता पत्नी अनुज गुप्ता, इशिता गुप्ता पुत्री अनुज गुप्ता, वैष्णवी पुत्री अनुराग निवासीगण कुरावली, यशिका गुप्ता पुत्री मनोज गुप्ता शिकोहाबाद, अमित गुप्ता पुत्र सुभाष गुप्ता, लक्ष्य गुप्ता पुत्र अमित गुप्ता निवासी मुहल्ला छपट्टी मैनपुरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बिछवां: क्षेत्र के गांव हेमपुरा निवासी अनिल बुधवार को बाजार गए थे। शाम को मोपेड से घर लौट रहे थे। तभी एक ट्रक ने टक्कर मार दी। वे घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से सैफई रेफर कर दिया।
भोगांव: मैनपुरी शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी विक्की गुरुवार शाम बाइक से भोगांव जा रहे थे। तभी एक कार ने टक्कर मार दी। जिससे वे घायल हो गए। घटना के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया।