रजबहा पर बनी पुलिया की नहीं हटी शटरिग
विकास खंड जागीर क्षेत्र के नगरिया रजबहा में बीते चार माह से पानी नहीं आने से धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। खेत में खड़ी फसलें सूखने के कगार पर हैं। किसानों ने दो दिन में पानी छोड़ने की मांग उठाई है।
संसू, अजीतगंज, मैनपुरी: विकास खंड जागीर क्षेत्र के नगरिया रजबहा में बीते चार माह से पानी नहीं आ रहा है। रजबहा में पानी नहीं आने से किसान खरीफ फसल और धान रोपाई को लेकर परेशान हैं।
रजबहा में पानी नहीं आने की वजह के बारे में सिचाई विभाग का कहना है कि रजबहा में जगह-जगह पुलियों का निर्माण कराया जा रहा है। ठेकेदारों को निर्माण के लिए दो माह का समय दिया गया था, लेकिन धीमी गति होने से काम अब तक पूर्ण नहीं हो सका है। किसानों ने बताया कि विभाग राजलपुर से एलाऊ तक पांच पुलियों का निर्माण करा रहा है, जो आज तक पूरा नहीं हो सका है। किसान नेता राजा ठाकुर ने बताया कि दो दिन पूर्व अधिशासी अभियंता सिचाई विभाग के कार्यालय जाकर समस्या की शिकायत की गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि रजबहा की पुलिया बन चुकी है, लेकिन शटरिग नहीं हटाई है। अब भीषण गर्मी के चलते फसलें सूखने के कगार पर हैं। जुलाई के प्रथम सप्ताह में गत वर्षो से धान की रोपाई शुरू हो जाती थी, लेकिन इस बार रजबहा में पानी ना आने के कारण किसान धान की नर्सरी को तैयार भी नहीं कर पाया है। सिचाई के पानी की कमी के चलते मूंगफली, मक्का की पैदावार आधी रह गई है।
भारतीय किसान यूनियन के नेता राजा ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा है कि दो दिन में रजबहा में पानी नहीं छोड़ा गया तो जिला मुख्यालय पर किसानों के साथ आंदोलन करेंगे। रजबहा में पानी छोड़ने की मांग करने वाले किसानों में ज्ञानेंद्र चौहान, शिशुपाल सिंह गौर, रामपाल यादव, कप्तान सिंह, अशोक चौहान, शैलू चौहान, रामवीर शाक्य, श्रीचंद बाथम, शिव प्रताप दीक्षित आदि क्षेत्रीय किसान शामिल हैं।