ध्वस्त रही रोडवेज की सेवा, नहीं मिलीं बसें
बेहतर सेवा के दावों की खुल गई पोल, दिन भर भटके यात्री।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता : भैया दूज पर बहनों को सफर में सुविधा मुहैया कराने के रोडवेज के सभी दावे शुक्रवार को ध्वस्त हो गए। बसों का इंतजाम न होने के कारण यात्रियों को घंटों वाहनों की प्रतीक्षा करनी पड़ी। मजबूरी में लोगों को डग्गामार वाहनों में सफर करना पड़ा।
पर्व पर यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने बेहतर सुविधाओं का दावा किया था। लेकिन, शुक्रवार को व्यवस्थाएं धड़ाम दिखीं। शहर के रोडवेज बस स्टैंड पर ही बसों की कमी पड़ गई। स्थिति यह रही कि सुबह से यहां खडे़ यात्रियों को दो से तीन घंटों तक वाहनों का इंतजार करना पड़ा। लंबी दूरी की यात्रा के लिए बसें ही उपलब्ध नहीं हो सकीं। दूर-दराज से चलकर आने वाली बसों में ही यात्रियों को सवार होना पड़ा। जो बसें मिल भी रही थीं, उनमें जगह को लेकर धक्का-मुक्की बनी रही। सीट प्राप्त करने के लिए लोगों ने कहीं खिडकियों से अपने सामान को अंदर फेंका तो कहीं बच्चों को गुजारकर अंदर पहुंचाया। भारी भीड़ के कारण लोगों को बसों की छतों पर चढ़कर यात्रा करनी पड़ी। रोडवेज की खस्ताहाल सेवाओं का फायदा डग्गामार वाहन चालकों ने उठाया। यात्रियों की मजबूरी को देखते हुए मनमाना किराया वसूला। आगरा, दिल्ली, कानपुर और फर्रूखाबाद रूट पर जाने वाली महिलाओं और पुरुषों को सबसे ज्यादा दिक्कतें हुईं।