एससी युवक की गला रेतकर हत्या,परिजन नहीं दे सके सुराग
गायब था मोबाइल, सर्विलांस से जांच करेगी पुलिस, परिजन नहीं दे सके सुराग, किसी से नहीं थी रंजिश।
ज्योंती, संवादसूत्र। अनुसूचित जाति के युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई और शव को एक खेत की मेड़ पर फेंक दिया गया। घटना को फावड़ा या कुल्हाड़ी से अंजाम दिया गया। मृतक की किसी से रंजिश नहीं थी। परिजन घटना को लेकर कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। मृतक का मोबाइल फोन भी गायब था।
औंछा थाना क्षेत्र के गांव पराहार निवासी दुर्गपाल जाटव (19) पुत्र रामऔतार सोमवार शाम करीब छह बजे घूमने के लिए घर से निकले थे। रात पौने आठ बजे तक अपने चचेरे भाई के घर बैठकर टीवी देखी, तभी बिजली चले जाने पर टीवी बंद हो गई। इसी बीच दुर्गपाल के मोबाइल पर फोन आया। फोन पर बात करते हुए वह घर से निकल गए।
रात नौ बजे तक घर न पहुंचने पर दुर्गपाल की भाभी ने फोन किया, लेकिन फोन बंद था। रात में ही परिजनों ने तलाश शुरू की, लेकिन सुराग न लगने पर आधी रात को परिजन घर वापस आ गए। सुबह दुर्गपाल का शव गांव से करीब 300 मीटर दूर सरसों के खेत की मेड़ पर पडा मिला। परिजन भी पहुंच गए। मृतक की गर्दन पर आगे व पीछे कटे के निशान थे। अनुमान लगाया जा रहा है कि फावड़ा अथवा कुल्हाड़ी से हमला किया गया है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजन घटना को लेकर कोई जानकारी नहीं दे पाए। गांव के लोग अलग-अलग कयास लगा रहे हैं। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ औछा विजय ¨सह चंदेल ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। सर्विलांस के माध्यम से हत्यारोपितों तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। शरीर से मजबूत थे दुर्गपाल: मृतक दुर्गपाल बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र थे। वह न सिर्फ पढ़ाई में तेज थे, शारीरिक रूप से काफी मजबूत था। मल्ल विद्या के शौकीन दुर्गपाल गांव में अपने सभी साथियों को कुश्ती में पलक झपकते पटक देते थे। उनका किसी से कोई विवाद भी नहीं था। दुर्गपाल के दोस्तों के अनुसार वह काफी आध्यात्मिक किस्म के थे। पढ़ाई के साथ पूजा-पाठ में भी समय देते थे। कोई व्यसन भी नहीं करते थे।