रोडवेज ने रुलाया, नहीं चलीं बसें
रोडवेज महकमा जिले में पूरी तरह से फेल हो गया। रविवार को बसों का संचालन कम होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहन न मिलने की वजह से ज्यादातर को प्राइवेट वाहनों में ज्यादा किराया खर्च कर गंतव्य तक जाना पड़ा।
जासं, मैनपुरी : त्योहारों पर बेहतर सेवा का दावा करने वाला रोडवेज महकमा जिले में पूरी तरह से फेल हो गया। रविवार को बसों का संचालन कम होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वाहन न मिलने की वजह से ज्यादातर यात्रियों को प्राइवेट वाहनों में ज्यादा किराया खर्च कर गंतव्य तक जाना पड़ा।
रविवार को रोडवेज की सेवाएं पूरी तरह से चरमरा गईं। त्योहार मनाने छुट्टियों पर घर आए लोग रविवार को काम पर वापस जाने के लिए घरों से निकले। बस स्टैंड पर सुबह से ही यात्रियों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। फर्रूखाबाद और कन्नौज रूट के लिए दो घंटों तक इंतजार करने के बावजूद बसें नहीं मिल सकीं। दोपहर में आगरा जाने वाले यात्रियों को भी बसों की कमी की समस्या से जूझना पड़ा। दो घंटे तक इंतजार करने के बावजूद आगरा के लिए बसें नहीं मिल सकीं।
नहीं दी गई सटीक सूचना
रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए पूछताछ केंद्र बनवाया गया है। लेकिन, यहां बैठने वाले कर्मचारियों द्वारा यात्रियों को सटीक और पूरी जानकारी नहीं दी जाती है। न तो बसों के बारे में बताया जाता है और न ही वाहनों के समय के बारे में। यात्रियों की परेशानी की जानकारी करने के लिए दिन भर कोई भी अधिकारी बस स्टेशन पर नहीं पहुंचा।
-
यात्रियों की सुविधा के लिए बसों के नियमित संचालन के प्रबंध कराए गए थे। जानकारी की जाएगी कि कौन-कौन सी बसें कब रवाना हुई थीं। जो चालक-परिचालक नहीं आए होंगे, निश्चित ही उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
हरीदास, एआरएम, मैनपुरी डिपो।