हर बूथ पर कार्मिकों से ज्यादा होंगे मतदान एजेंट
एक मतदेय स्थल पर 10 से 20 और कहीं पर इससे ज्यादा एजेंट होंगे। प्रशासन हर बूथ की वीडियोग्राफी कराएगा। सुरक्षा के भी सख्त इंतजाम होंगे।
जासं, मैनपुरी: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कार्मिकों से ज्यादा मतदान एजेंट होंगे। इससे मतदान के दिन माहौल एक-एक वोट को गर्म होता दिखेगा।
जिले में प्रधान, ग्राम सदस्य, बीडीसी और जिला पंचायत सदस्य पद के लिए 2085 मतदेय स्थलों पर वोट पड़ेंगे। मतदान के दिन ग्राम पंचायत सदस्य को छोड़कर बाकी सभी दावेदार एक बूथ पर अपना एजेंट नियुक्त करेंगे। इस बार प्रधान के 549 पदों के लिए 4850 दावेदार मैदान में हैं, इस हिसाब से एक बूथ पर पांच से दस और अधिक एजेंट तो प्रधान के होंगे, जबकि 671 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के लिए 3417 प्रत्याशी भी ताल ठोक रहे हैं। तकरीबन हर वार्ड से तीन-चार या उससे अधिक प्रत्याशी हैं, इस हिसाब से भी एक बूथ पर चार और उससे अधिक बीडीसी के एजेंट होंगे। इसी तरह जिला पंचायत सदस्य के 30 पदों पर 367 उम्मीदवार भी हैं। इस पद के केवल वार्ड में पांच दावेदार हैं, जबकि बाकी वार्डों में सात और उससे अधिक दावेदार हैं। इस हिसाब से हर बूथ पर पांच से ज्यादा एजेंट होंगे।
एक बूथ पर चार कार्मिक
इस बार चुनाव आयोग ने एक बूथ पर तीन प्लस एक कार्मिक की तैनाती का फार्मूला अपनाया है, बीते चुनाव में यह फार्मूला चार प्लस एक था। इस बार एक बूथ पर केवल चार कार्मिक होंगे, जबकि प्रत्याशियों के एजेंट हर बूथ पर दस और उससे अधिक होंगे। ऐसे में यहां मतदान के दिन एक-एक वोट को लेकर कड़ा मुकाबला नजर आएगा। होंगे कड़े इंतजाम
प्रशासन इस बार हर बूथ पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रखेगा। एजेंट कक्ष में नहीं रहेंगे। केंद्र पर वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। कोई असुरक्षा का माहौल पैदा करेगा तो उसे कड़ा सबक भी सिखाया जाएगा।
-ईशा प्रिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी।