कांच के ढेर में छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी
पुलिस ने बरामद किया 166 किलो गांजा दो तस्कर गिरफ्तार उड़ीसा से ट्रक में लादकर अलीगढ़ ले जाया जा रहा था गांजा
संसू, किशनी: ट्रक में कांच के कबाड़ के नीचे छिपाकर गांजा की तस्करी की जा रही थी। पुलिस ने घेराबंदी कर इटावा और फिरोजाबाद के दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से 166 किलो गांजा बरामद किया है। पकड़े गए दोनों तस्करों को जेल भेजा गया है।
एएसपी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर पुलिस सतर्क है। एसपी अशोक कुमार राय ने इसे लेकर सभी थानों की पुलिस के अलावा स्वाट और सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया है। बुधवार को सर्विलांस टीम को गांजा तस्करी के बारे में सुराग मिले। इस पर सर्विलांस प्रभारी जोगेंद्र सिंह और एसओ किशनी धर्मेंद्र कुमार की टीमों ने थाना किशनी क्षेत्र में खड़सरिया बार्डर के पास वाहनों की तलाशी शुरू कर दी। इसी बीच वहां से गुजरे एक ट्रक को रोका गया तो उसमें सवार दो युवक उतर कर भागने लगे। पुलिस ने दोनों की घेराबंदी कर पकड़ लिया। दोनों ने अपना नाम सुधीर निवासी गांव उसरई थाना सैफई इटावा और उदयवीर सिंह निवासी गांव थानूमई, थाना जसराना फिरोजाबाद बताया।
ट्रक की तलाशी ली गई तो उसमें टूटे कांच का कबाड़ भरा था। कांच हटाकर देखा गया तो अंदर चार बोरियों में भरा 166 किलो गांजा बरामद हुआ। गांजा के 32 पैकेट बनाकर बोरियों में भरे गए थे। पूछताछ में दोनों तस्करों ने बताया कि वे बरामद गांजा को उड़ीसा से तस्करी कर लाए थे। जिसे अलीगढ़ पहुंचाना था। पकड़े जाने के डर से वे रास्ता बदल कर जा रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
- अलीगढ़ पुलिस को दी गई जानकारी
बरामद गांजा को अलीगढ़ पहुंचाए जाने की तैयारी थी। यह जानकारी सामने आने के बाद किशनी पुलिस ने अलीगढ़ पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी है। पकड़े गए आरोपितों की ओर से मिली सूचना को भी अलीगढ़ पुलिस से साझा़ किया गया है। ताकि तस्करों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। - उड़ीसा के तस्कर की नहीं दी जानकारी
पुलिस द्वारा पकड़े गए तस्करों से जानकारी चाही गई कि उन्होंने उड़ीसा में किस स्थान और किस व्यक्ति से गांजा प्राप्त किया है। इस सवाल पर दोनों तस्कर खामोश हो गए। काफी पूछताछ होने पर दोनों ने पुलिस को गोल-गोल जवाब दिए। राजफाश करने के लिए उड़ीसा पुलिस से संपर्क करने की तैयारी की जा रही है। - पुलिस के निशाने पर एक दर्जन ढाबा-होटल
गांजा तस्करों तक पहुंचने के लिए पुलिस सरगर्मी से जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस को सुराग मिले हैं कुछ ढाबा और होटलों पर गांजा को खपाया जाता है। पुलिस ने एक दर्जन ढाबा, होटलों को चिन्हित कर निगरानी शुरू कर दी है। यदि पुलिस को सुराग मिले तो कार्रवाई की जाएगी।