मंगलवार देर रात ब्लाक और जिला पंचायत वार्डो का आरक्षण जारी
करहल ब्लाक प्रमुख के लिए महिला होगी दावेदार जागीर कुरावली पिछड़ा वर्ग को आरक्षित।
जासं, मैनपुरी: आखिरकार जिला प्रशासन ने मंगलवार देर रात जिला पंचायत वार्ड और ब्लाक प्रमुख पद के लिए आरक्षण सूची जारी कर दी। इस सूची में मैनपुरी, बेवर और बरनाहल को सामान्य वर्ग के लिए रखा गया है। सीटों का आरक्षण पहले ही तय कर दिया था, प्रशासन को केवल ब्लाक आरक्षित करने के लिए कहा था।
मंगलवार देर रात जिला मजिस्ट्रेट महेंद्र बहादुर सिंह ने ब्लाक प्रमुख पद के लिए आरक्षण की सूची जारी की। सीटों का आरक्षण पूर्व में तय होने के बाद सभी की निगाहें ब्लाक प्रमुख के आरक्षण पर लगी थी। डीएम की ओर से जारी की गई इस ब्लाक प्रमुख पद की सूची में मैनपुरी, बेवर और बरनाहल सामान्य के लिए घोषित की गई है। करहल ब्लाक प्रमुख सीट सामान्य महिला के लिए रखी गई है, जबकि सुल्तानगंज व जागीर को अन्य पिछड़ा वर्ग पुरुष के लिए आरक्षित किया गया है। कुरावली ब्लाक प्रमुख पद अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए रखा गया है। वहीं, घिरोर ब्लाक प्रमुख पद अनुसूचित जाति की महिला और किशनी ब्लाक प्रमुख का पद अनुसूचित जाति पुरुष के लिए रखा गया है।
जिला पंचायत के 11 वार्ड सामान्य पुरुषों के लिए घोषित
जासं, मैनपुरी: जिला पंचायत अध्यक्ष का आरक्षण शासन से तय होने के बाद प्रशासन ने मंगलवार देर रात वार्ड आरक्षण की सूची जारी कर दी। सूची में 11 सदस्य पद सामान्य पुरुष के लिए तय किए गए हैं, जबकि पाच पद महिलाओं के लिए रखे गए हैं। वही पिछड़ा वर्ग पुरुष के लिए पाच, पिछड़ा वर्ग महिलाओं के लिए तीन वार्ड तय किए गए हैं। अनुसूचित जाति पुरुष के लिए चार और अनुसूचित जाति महिला के लिए दो वार्ड आरक्षित घोषित किए गए हैं।
मंगलवार देर शाम डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला पंचायत सदस्य पद के आरक्षण की सूची जारी की। सूची में सामान्य वर्ग के लिए वार्ड एक, दो, तीन, पाच, छह, आठ और 11, 14, 16, 24 और 25 को घोषित किया गया है, जबकि महिलाओं के लिए वार्ड 20, 21, 23, 26 और 30 को तय किया गया है।
जिला पंचायत सदस्य आरक्षण की सूची में पिछड़ा वर्ग पुरुष के लिए वार्ड 13, 15, 18, 27 और 28 को रखा है। वही पिछड़ा वर्ग महिला के लिए वार्ड चार, 12 और 19 को घोषित किया है। अनुसूचित जाति पुरुष के लिए वार्ड सात, नौ, 17 और 29 को घोषित किया है। अनुसूचित जाति महिला के लिए वार्ड 10 और 12 को आरक्षित किया गया है।