उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा रोडवेज, भटके यात्री
त्योहार के बाद भी रोडवेज यात्रियों के लिए पर्याप्त बसें मुहैया नहीं कर सका। बस स्टैंड पर बसों के इंतजार में यात्री भटकते रहे। ऐसे में बच्चों व महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
मैनपुरी : त्योहारों पर बेहतर सुविधा का रोडवेज का दावा अबकी बार फेल हो गया। सोमवार को भी बसों की कमी बनी रही। पर्याप्त बसें उपलब्ध न होने की वजह से दिन भर यात्री भटकते रहे। अव्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए महकमे के किसी भी जिम्मेदार ने कोई पहल नहीं की।
रविवार को चौदस होने के कारण ज्यादातर लोगों ने सोमवार को ही गंतव्य तक जाने का फैसला किया। कन्नौज, कानपुर, फर्रूखाबाद रूटों पर जाने के लिए सुबह से ही यात्रियों की भीड़ बस स्टेशन पर जमा होने लगी थी। स्थिति यह रही कि एक-दो बसें ही इस रूट पर संचालित हुईं। ऐसे में यात्रियों को लगभग दो घंटे तक खड़ा रहना पड़ा। लंबी दूरी से आने वाली बसों में भी जगह नहीं मिली। यही हाल दिल्ली, आगरा, अलीगढ़ और एटा रूट की सवारियों का भी रहा।
दोपहर में तो आगरा और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बसों की सुविधा ही नहीं मिली। सबसे ज्यादा परेशानी आगरा जाने वाले यात्रियों को हुई। शाम चार बजे राजस्थान डिपो की बस में खडे़ होकर यात्रियों को जाना पड़ा। यात्रियों को तीन दिनों से हो रही परेशानियों की जानकारी होने के बावजूद डिपो से कोई भी जिम्मेदार बस स्टेशन पर नहीं पहुंचा। भीड़ के बीच बस पहुंची तो यात्रियों ने अपने बच्चों को खिड़कियों से अंदर उतारकर सीटों की व्यवस्था कराई।