नवरात्र में ऑटो बाजार ने भरी रफ्तार, टूटी बाजार की सुस्ती
त्योहार पर मंदी को बाय-बाय खूब बिक रहीं कारें दोपहिया वाहनों के शोरूम में ग्राहकों का इंतजार।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। नवदुर्गा से शुरू हुए त्योहारी सीजन ने ऑटो सेक्टर की मंदी को बाय-बाय का इशारा कर दिया है। पहले दो दिन में ही वाहनों की बिक्री में उछाल आया है। टू व्हीलर कंपनियों के शोरूमों में ग्राहकों की आमद भी तेजी से बढ़ी। अब तक 150 के लगभग दोपहिया वाहन बिके हैं। कार की बिक्री में भी उछाल देखने को मिला है। दर्जनों कार और दूसरे चार पहिया वाहन बिक चुके हैं। पंजीकरण कराने काम भी चल रहा है।
मंदी के शोर और वैवाहिक समारोह न होने के चलते ऑटो सेक्टर की रफ्तार पिछले कुछ दिनों से थम सी गई थी। पितृ पक्ष में तो स्थिति निराशाजनक थी, जिन शोरूमों पर सीजन में 20 से 30 दुपहिया वाहन बिकते थे, उन पर पांच भी नहीं बिक रहे थे। कुलदीप मारुति मोटर्स के प्रबंधक रजत वर्मा ने बताया कि बाजार ने त्योहारी सीजन में जो रफ्तार पकड़ी है, वह उम्मीद जगाती है। नवरात्र के इन दिनों में ही मारुति की 15 कारें बिक चुकी हैं। दशहरा तक यह संख्या दस और बढ़ेगी। धनतेरस पर आंकड़ा 30 से 40 के मध्य जा सकता है। शुक्रवार को मारुति के शोरूम में राजीव चौहान, राहुल मिश्रा और अजीत यादव ग्राहकों को कारों के विभिन्न मॉडल पसंद कराने में जुटे थे।
दुपहिया वाहनों की बिक्री भी बढ़ी
दुपहिया वाहनों के शोरूम भी अब गुलजार होने लगे हैं। होंडा के मालिक नवनीत अग्रवाल ने बताया कि नवरात्र में अभी तक 35 से 30 वाहन बिक चुके हैं। वैसे वाहन बिक्री यह रफ्तार कम ही है। कंपनी के अलावा वह अपनी ओर से भी ग्राहक को आफर्स दे रहे हैं। टीवीएस शोरुम के मैनेजर देवेंद्र सिंह का कहना था कि कंपनी का कोई ऑफर्स नहीं आने से ग्राहक कम ही आ रहे हैं। अब दीवाली से ही उम्मीद नजर आती है। वैसे ग्राहक अपाचे और स्कूटी पसंद कर रहे हैं। हीरो मोटर्स के एजेंसी संचालक संतोष शाक्य का कहना था कि अब ग्राहक आने लगे हैं। गाड़ी पसंद की जा रही हैं, त्योहार पर बिक्री की उम्मीद है।
फसल में देरी भी है सुस्ती की वजह
उद्योग विहीन जिला को केवल खेती से उम्मीद रहती हैं। अभी मौसम की अठखेलियों की वजह से धान कटाई का काम पिछड़ गया है। दो पहिया वाहनों की बिक्री की सुस्ती भी इसकी वजह बनी हुई है। ऐसे में धान के बाजार में आने के बाद दोपहिया वाहनों की बिक्री में इजाफा होगा।