कुसमरा में अनुसूचित मजदूर की नृशंस हत्या, शव फेंका
कुसमरा संसू। क्षेत्र के गांव हिरौली निवासी दुर्वेश जाटव की हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या करने के बाद शव को खेत में फेंक दिया। वे पास के ही गांव में कथा सुनने के बाद वापस लौटते समय गायब हो गए थे। स्वजनों ने दुर्वेश के साथी पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित के अलवा आधा दर्जन अन्य संदिग्धों को हिरासत में लिया है। स्वजन हत्या की वजह नहीं बता पा रहे हैं।
संसू, कुसमरा: क्षेत्र के गांव हिरौली निवासी दुर्वेश जाटव की हमलावरों ने धारदार हथियार से हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया। वह पास के ही गांव में कथा सुनने के बाद लौटते समय गायब हो गए थे। स्वजनों ने दुर्वेश के साथी पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपित के साथ आधा दर्जन अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है।
स्वजनों के मुताबिक दुर्वेश का दोस्त गांववासी भूरे नट सोमवार शाम घर आया और कथा सुनने के लिए पास के ही गांव नगला दुगई चलने को कहा। स्वजनों ने इन्कार किया तो भूरे जिद करने लगा। दोस्त की जिद पर दुर्वेश उसके साथ चले गए। रात करीब 11 बजे तक कथा चली। इसके बाद दोनों घर के लिए चल दिए। हालांकि दुर्वेश घर नहीं पहुंचे।
परिजनों ने तलाश किया तो पता नहीं चला। उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। मंगलवार सुबह पांच बजे गांव के लोग खेतों की ओर जा रहे थे तो सड़क पर खून दिखा। पास ही खेत में दुर्वेश का निर्वस्त्र शव पड़ा था। उनके सिर, गर्दन और गुप्तांग पर धारदार हथियार के जख्म थे। जानकारी मिलते ही स्वजन और अन्य लोग पहुंचे।
थोड़ी देर में सीओ भोगांव प्रयांक जैन, इंस्पेक्टर किशनी ओमहरी वाजपेयी, इंस्पेक्टर बेवर जसवीर सिंह सिरोही मौके पर पहुंच गए। मृतक के भाई सर्वेश कुमार ने भूरे नट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस भूरे नट से पूछताछ कर रही है। पुलिस को पता चला है कि आरोपित भूरे मुंबई में रहकर ठेली लगाता था। एक सप्ताह पहले ही वह गांव लौटा था। इंस्पेक्टर किशनी ओमहरी वाजपेयी ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बहुत जल्द राज से पर्दा उठा दिया जाएगा।