दहेज के लिए विवाहिता को मारी गोली
पति, ससुर, जेठ तमंचे सहित गिरफ्तार, सास की तलाश।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता : थाना भोगांव के मौजेपुर हविलिया निवासी रमेश चंद्र की पुत्री प्रीती का विवाह 21 जून 2018 को मुहल्ला भरतवाल निवासी अतुल कुमार के साथ हुआ था। शादी के बाद ससुरालीजन प्रीती को लेकर बंगलौर चले गए। कुछ दिन वहां रहने के बाद ससुरालियों ने अतुल और प्रीती को वहां से भगा दिया।
अतुल ने पिता से जायदाद व मकान में हिस्सा मांगा तो उन्होंने प्रीती से दहेज में दो लाख रुपये लाने को कहा। दहेज न मिलने तक बंटवारे से इन्कार कर दिया। कुछ दिन बाद अन्य ससुराली भी मैनपुरी स्थित भरतवाल स्थित मकान पर आ गए। बंटवारे और दहेज की मांग को लेकर आए दिन कहासुनी होने लगी।
आरोप है कि शनिवार सुबह फिर दहेज के लिए विवाद हुआ। प्रीती ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो उसे गोली मार दी गई। कंधे में गोली लगने से प्रीती घायल हो गए। ससुरालीजन ही उसे जिला अस्पताल लाए। जानकारी मिलने पर मायके वाले आ गए। प्रीती को सैफई ले जाया गया है। घटना की रिपोर्ट प्रीती के पति अतुल, ससुर नरेंद्र ¨सह, सास विशनी देवी व जेठ मधुर के खिलाफ दर्ज कराई। पुलिस ने पति, ससुर, जेठ को गिरफ्तार कर उनके घर से तमंचा बरामद किया है। एक्सरे पर्ची खोने पर बवाल: चिकित्सक ने एक्सरे पर्ची तैयार कर प्रीती के पति को दे दी। मायके वालों ने हंगामा किया तो पति गायब हो गया। नई स्लिप बनाने को लेकर बवाल हुआ। सीओ सिटी के हस्तक्षेप के बाद चिकित्सक ने नई पर्ची जारी की।