कच्ची रोटी को लेकर शादी में चले लात-घूंसे, दूल्हा दुल्हन ने मंदिर में की शादी
परिजनों के शादी से इन्कार पर दुल्हन दुल्हा के साथ गई भोगांव के ही एक मंदिर में रचाई दोनों ने शादी दोनों हैं पुलिस विभाग में सिपाही।
भोगांव, संवादूसत्र। तंदूर की कच्ची रोटी ने सोमवार रात बवाल करा दिया। घराती-बराती भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। गुस्साए घरातियों ने शादी से इन्कार करते हुए बरातियों को भगा दिया। दुल्हन को मामले की जानकारी हुई तो वह अपने घर वालों का विरोध करते हुए दूल्हे के साथ चली गई।
थाना भोगांव क्षेत्र के गांव नगला गुलाबी निवासी भानु प्रताप सिपाही हैं। फिलहाल वह कासगंज के थाना सिढ़पुरा में तैनात हैं। भानु प्रताप का विवाह फर्रुखाबाद के थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गांव नगला बाले निवासी आज्ञाराम की पुत्री मंजू के साथ तय हुआ था। मंजू भी सिपाही है। उसकी तैनाती फीरोजाबाद पुलिस लाइन में है। सोमवार शाम भानु प्रताप धूमधाम से बरात लेकर नगला बाले पहुंचा। खुशी का माहौल था। बरातियों व घराती खाना खाने लगे। तंदूर पर रोटियां धीमी गति से सिक रही थी। मारामारी पड़ी तो तंदूर वाले ने रोटियां जल्दी निकालना शुरू कर दिया। दूल्हे के मामा प्रभात सिंह ने रोटी कच्ची होने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। घरातियों ने कहा कि अधिक लोग हैं। रोटी की सेंकने की गति तेज नहीं हो सकती तो दोनों ओर विवाद होने लगा। पहले गालीगलौज और फिर मारपीट शुरू हो गई। दोनों ओर से लात घूंसने चलने लगे। कुर्सियां भी फिकी। किसी प्रकार मामला शांत हुआ। दुल्हन के परिजनों ने शादी से इन्कार कर बरातियों को चले जाने की हिदायत दी।
दुल्हन के गांव से बाहर आने के बाद मायूस दूल्हे ने दुल्हन को फोन पर सारी बात बताई। उस समय दुल्हन ब्यूटी पार्लर में थी। दुल्हन ने फोन पर ही अपने परिजनों से बरात को इज्जत से वापस बुलाने को कहा, लेकिन परिजनों ने इन्कार कर दिया। काफी देर तक समझाने पर परिजन नहीं माने तो दुल्हन सीधे दूल्हा के साथ चली गई।
दोनों ने भोगांव में छोटा बाजार स्थित मंदिर में पहुंचकर शादी की संपन्न कराई। इस शादी में मुहल्ले के लोग भी शामिल हुए। सभी ने फूलों की बरसा कर दूल्हा-दुल्हन को विदा कर दिया। शादी को लेकर दिनभर चर्चा रही। लोगों का कहना है कि पुलिस वाली दुल्हन ने हौसला दिखा दिया।