सड़क हादसों में अधिवक्ता सहित छह लोगों की मौत
होली के त्योहार पर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हादसे दर हादसे हुए। इनमे
जागरण टीम, मैनपुरी: होली के त्योहार पर जिले में अलग-अलग स्थानों पर हादसे दर हादसे हुए। इनमें एक अधिवक्ता सहित छह लोगों की मौत हो गई। वहीं महिला सहित एक दर्जन लोग घायल हो गए। त्योहार पर हादसों में हुई मौत से परिवारों में गमगीन माहौल बना रहा।
शहर कोतवाली के गांव ठलौआपुर निवासी मोतीलाल सोमवार को गांव में होली खेलने के बाद शहर में रह रहे अपने मित्र के यहां होली मिलने बाइक से जा रहे थे। मैनपुरी-औंछा रोड पर एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। वह गंभीर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
औंछा: दूसरी हादसा मैनपुरी-औंछा रोड पर हुआ। गांव नगला हार निवासी संदीप यादव अधिवक्ता थे। सिविल कोर्ट में वकालत करते थे। उनका एक मकान शहर रामलीला मैदान में है। वह यहीं निवास करते थे। सोमवार को पत्नी प्रीती यादव के साथ वह होली मनाने के लिए गांव गए थे। दोपहर करीब एक बजे बाइक से वापस रामलीला मैदान स्थित अपने घर जा रहे थे। मैनपुरी-औंछा रोड पर नगला रामसिंह प्रतीक्षालय के पास एक ट्रक ने टक्कर मार दी। संदीप यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी प्रीती यादव को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने औंछा तिराहे के पास बैरियर लगाकर पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही वकीलों में शोक की लहर दौड़ गई। कई अधिवक्ता जिला अस्पताल पहुंच गए।
अजीतगंज : थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नगला सुमेर निवासी सुघर सिंह और सचिन रविवार को बाजार करने बाइक से गए थे। देर शाम दोनों लोग वापस लौट रहे थे। थाना एलाऊ क्षेत्र में एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दोनों लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया जाता, इससे पहले सुभाष की मौत हो गई। घायल सचिन को अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। सैफई ले जाते समय रास्ते में सचिन की भी मौत हो गई। घटना के बाद भाग रहे ट्रक को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। चालक ने अपना नाम आलम अहमद निवासी गाजियाबाद बताया है।
किशनी : थाना क्षेत्र के गांव शमशेरगंज निवासी आमिर गांव में ही रेडीमेड कपड़ों की दुकान का संचालन करते थे। सोमवार शाम करीब छह बजे किसी परिचित से मिलने के लिए बेवर जा रहे थे। किशनी-बेवर मार्ग पर डांडी भट्ठा के पास सड़क पर अचानक श्वान आ गया। उसे समय बाइक की गति काफी तेज थी। श्वान को बचाने के चक्कर में आमिर की बाइक फिसल गई। वे सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। नाजुक हालत होने के कारण उन्हें सैफई रेफर कर दिया गया। सैफई में उनकी मौत हो गई।
कुरावली : क्षेत्र के गांव बरौलिया निवासी रामरहीश रविवार को बाजार करने कस्बा कुरावली गए थे। रात करीब आठ बजे वे पैदल वापस घर जा रहे थे। जीटी रोड पर गांव खिरिया पीपर के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वे घायल हो गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण सैफई रेफर कर दिया गया। सैफई ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
अन्य सड़क हादसों में एटा के जैथरा निवासी अजय और संतोष कुरावली क्षेत्र में बाइक फिसलने से घायल हो गए। अलीगंज निवासीराम रामदत्त भनऊ पुल के पास एक अन्य बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। इस घटना में दूसरी बाइक पर सवार दो युवकों को भी चोटें आई, लेकिन वे मौके से फरार हो गए। शहर के मुहल्ला गाड़ीवान निवासी बंटी और उपदेश सोमवार दोपहर अपने दोस्त के घर होली खेलने जा रहे थे तभी उनकी बाइक फिसल गई। जिससे वे घायल हो गए। न्यू अग्रवाल निवासी नीरज, रामू, अजीत व सोतियाना निवासी दीपू भी सड़क हादसे में घायल हो गए।