संदिग्ध हालात में वृद्ध की मौत
किशनी क्षेत्र के गांव लठोंगर निवासी वृद्ध की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना
मैनपुरी, जासं : किशनी क्षेत्र के गांव लठोंगर निवासी वृद्ध की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। घटना से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने कोविड वैक्सीन लगवाई थी। मृतक का पुत्र वैक्सीन लगने से मौत का आरोप लगा रहा है। वहीं पुलिस झगड़े की बात कह रही है।
गांव लठोंगर निवासी 68 वर्षीय बदन सिंह ने शुक्रवार को सठिगवां पीएचसी पर कोविड वैक्सीन लगवाई थी। कुछ देर वहीं रुकने के बाद वे अपने घर चले गए। रात करीब 10 बजे उनकी हालत खराब हो गई। परिवार के लोग उन्हें अस्पताल ले गए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गई। मृतक के पुत्र श्यामवीर का कहना था कि वैक्सीन लगने के बाद उसके पिता को तेज बुखार आ गया था। वैक्सीन लगने के चलते ही उनकी मौत हुई है। वहीं पुलिस जांच में पता चला है कि वृद्ध का अपने पुत्र से झगड़ा हुआ था। पुत्र ने उनके साथ काफी गाली गलौज की थी। वृद्ध को मृत घोषित करने वाले चिकित्सक प्रदीप कुमार के मुताबिक उनके सिर पर चोट का निशान दिखाई दे रहा था। इंस्पेक्टर किशनी अजीत सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मौत का कारण पता चल सकेगा। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
चाचा के हत्यारोपित की तलाश में दबिश: विवाद के बाद अधेड़ की हत्या करने के आरोपित भतीजे के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपित को तलाश किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों को अलग-अलग स्थानों पर रवाना किया गया।
थाना किशनी के गांव इंद्रपुर निवासी रामौतार का अपने परिवार के भतीजे सुरजीत सिंह के साथ शुक्रवार को विवाद हो गया था। बाद में फिर दोनों में बातचीत होने लगी। इसी दौरान सुरजीत ने रामौतार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर घायल कर दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। मृतक के भाई शिवकुमार ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर किशनी अजीत सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द पकड़ लिया जाएगा।