राजीव गांधी नगर में युवक की गोली मारकर हत्या
मैनपुरी जासं शहर के मुहल्ला राजीव गांधी नगर में पशुओं को चारा देने गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मैनपुरी, जासं : शहर के मुहल्ला राजीव गांधी नगर में पशुओं को चारा देने गए युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से मुहल्ले में सनसनी फैल गई। घटना की रिपोर्ट अधिवक्ता सहित तीन आरोपितों के विरुद्ध दर्ज कराई गई है।
राजीव गांधी नगर निवासी सुरेंद्र यादव (22) पुत्र अजीत सिंह डी-फार्मा के छात्र थे। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे अहाते में बंधे अपने पशुओं को चारा देने गए थे। तभी हमलावरों ने उनके माथे में गोली मारकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर मुहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई नरेंद्र सिंह ने पड़ोस में रह रहे अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह यादव, उसकी पत्नी मधु और भाई सोमेंद्र के खिलाफ दर्ज कराई है।
रिपोट में कहा गया है कि सुरेंद्र यादव पशुओं को चारा डाल रहे थे, तभी महेंद्र प्रताप सिंह यादव, मधु और सोमेंद्र वहां पहुंच कर गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर मधु ने पति और देवर को तमंचा देते हुए सभी को जान से मार देने के लिए कहा। इस पर महेंद्र और सोमेंद्र ने फायरिग कर दी। गोली लगने से सुरेंद्र की मौत हो गई। दोनों पक्षों में रंजिश बताई गई है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
मौके पर पहुंचे एसपी ने की जांच
एसपी अजय कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंच कर जांच की है। इसके साथ ही फील्ड यूनिट के जरिए साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। खोजी श्वान के माध्यम से भी सुराग लगाने का प्रयास किया गया। एसपी ने बताया कि मामले में गहराई से छानबीन की जा रही है, कड़ी कार्रवाई होगी।
वकीलों ने नामजदगी को बताया झूठा
जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि अधिवक्ता महेंद्र प्रताप सज्जन व्यक्ति है। वे कभी अपराध नहीं कर सकते। घटना के समय वे अपने घर के अंदर मौजूद थे। उन्हें और उनके परिवार को फंसाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार को अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देगा। इस दौरान रमेश बाबू यादव, राकेश यादव, प्रखर दीक्षित, संजय दुबे, सौरभ पांडेय, रोहित दीक्षित, आशीष सक्सेना, संजय सक्सेना सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद थे।