अब स्मार्ट क्लास में पढे़ंगी आरसी की छात्राएं
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : कुं. आरसी कन्या इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में छात्राओं ने सां
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : कुं. आरसी कन्या इंटर कॉलेज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर शमां बांध दिया। दोपहर तक चले कार्यक्रम के बाद प्रतिभावान छात्राओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। शहर के कचहरी रोड स्थित विद्यालय में कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विद्यालय अध्यक्ष मधु शाह ने कहा कि वर्तमान समय में सबसे ज्यादा जरूरी है कि छात्राओं को आधुनिक शिक्षा मिल सके। इसके लिए हमारा समय के साथ खुद को अपडेट रखना आवश्यक है। सिर्फ किताबों के जरिए ही ज्ञान की प्राप्ति नहीं हो सकती, बाहरी दुनिया की जानकारी की आवश्यक है। छात्राओं को आधुनिक शिक्षा के साथ बाहरी दुनिया से भी जोड़ा जा सके, इसके लिए उन्होंने पांच लाख रुपये की लागत से स्मार्ट क्लास बनाने की घोषणा की। विद्यालय की संयुक्त सचिव डॉ. सुशीला त्यागी ने कहा कि छात्राओं को संस्कारवान बनाए जाने के लिए शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भी जिम्मेदारी है। परिवार से जो संस्कार प्राप्त होते हैं, वही बच्चे का मार्गदर्शन करते हैं। छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। अतिथियों ने छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर कुसुम चौहान प्रधानाचार्या, डॉ. शैफाली यादव प्राचार्या, डॉ. मधु गुप्ता, डॉ. नेहा शाक्य, राजेश सेन, संध्या राठौर, विभूति, संगम, सरिता यादव, पूनम राठौर, अणिमा जैन, खुशबू यादव, पूजा भदौरिया आदि शिक्षिकाएं मौजूद थीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अलका पाठक ने किया।