जेसीबी से हुई खेत की खोदाई, हड्डियां बरामद
हड्डियों का डीएनए परीक्षण कराएगी पुलिस खोदाई जारी महिला का नरमुंड मिलने के बाद पुलिस जुटी बरामदगी में
संसू, किशनी : महिला की हत्या कर शव के टुकड़ों को खेत में दबाए जाने के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। बुधवार को पुलिस ने खेत की खोदाई कर शव के अवशेष बरामद करने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ हड्डियां, बाल और ब्लाउज का टुकड़ा बरामद हुआ है। देर शाम तक पुलिस खेत की खोदाई करवा रही थी।
10 अक्टूबर को थाना किशनी के गांव बरुआनदी के खेत में नरमुंड पड़ा मिला था। मौके पर पहुंचे मिथलेश कुमार निवासी टोडरपुर इटावा ने बताया था कि नरमुंड उसकी भाभी पूती देवी पत्नी दिलासाराम का है। मिथलेश का आरोप था कि बरुआनदी निवासी सर्वेश सरकारी आवास आवंटित कराने के बहाने पूती देवी को 19 सितंबर को घर से लिवा लाया था। तभी से पूती देवी लापता चल रही थी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। नरमुंड का नमूना डीएनए जांच के लिए लैब भेजा गया। इसके साथ ही पुलिस ने आरोप के आधार पर घटना की जांच शुरू की तो राजफाश हो गया।
पुलिस की छानबीन में पता चला कि सर्वेश और उसके मामा संतोष निवासी औरैया ने पूती देवी की हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए थे। दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर पूछताछ हुई तो दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शव के टुकड़े अपने खेत में अलग-अलग स्थानों पर दबा दिए थे।
बुधवार को पुलिस ने खेत की जेसीबी से खोदाई कराई तो एक स्थान कुछ हड्डियां, सिर के बाल और ब्लाउज का टुकड़ा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद हड्डियों का डीएनए टेस्ट कराने का निर्णय लिया है। अन्य हड्डियों की तलाश के लिए पुलिस देर शाम तक खेत की खोदाई करा रही थी। इंस्पेक्टर किशनी अजीत सिंह ने बताया कि महिला की अन्य हड्डियां बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
देवर ने की ब्लाउज के टुकड़े से पहचान:
बुधवार को खेत पर खोदाई के दौरान एक ब्लाउज का टुकड़ा बरामद हुआ था। इस सूचना पर पूती देवी का देवर मिथलेश मौके पर पहुंच गया। उसने बरामद ब्लाउज के टुकड़े को पूती देवी का बताया है। मिथलेश द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने ब्लाउज के शेष कपड़े को बरामद करने की कोशिश शुरू कर दी है।
एक महीने पहले चले गए थे आरोपित के पत्नी-बच्चे: पूती देवी के हत्यारोपित सर्वेश का परिवार एक महीने पहले ही गांव छोड़ गया था। पुलिस ने आरोपित के स्वजन से पूछताछ करने का मन बनाया तो वे घर पर नहीं मिले। जांच के दौरान पता चला कि पूती देवी 19 सितंबर को लापता हुई थी। इसके बाद से ही इटावा पुलिस ने उनकी तलाश में सर्वेश के घर दबिश देना शुरू कर दिया था। इसके बाद सर्वेश की पत्नी ममता अपने तीनों बच्चों के साथ घर से चली गई।
भाई की है औरैया पुलिस को तलाश: हत्यारोपित सर्वेश का भाई दुर्गेश भी शातिर अपराधी है। उसका भी गांव में काफी दबदबा है। बताते हैं कि औरैया से एक ट्रक कुछ समय पहले चोरी चला गया था। इस मामले में औरैया पुलिस को दुर्गेश की तलाश है। लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा था। औरैया पुलिस द्वारा दबिश दिए जाने के कारण उसका परिवार भी गांव में नहीं रह रहा है।