मैनपुरी: सपा विधायक पर मुकदमा, भाजपाइयों के खिलाफ तहरीर
शहर के एक मुहल्ले में मारपीट का मामला भाजपा और सपा के बीच सि
मैनपुरी , जागरण संवाददाता: शहर के एक मुहल्ले में मारपीट का मामला भाजपा और सपा के बीच सियासी रार बन गया है। भाजपा नेत्री सीमा चौहान की तहरीर पर पुलिस ने सपा के सदर विधायक राजकुमार यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसी प्रकरण के दूसरे पक्ष ने भाजपा नेत्री, जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक पर धमकाने के आरोप की तहरीर दी है।
भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री सीमा चौहान ने मंगलवार को तहरीर दी थी कि 12 अक्टूबर को शहर के एक मुहल्ले में दो पक्षों में झगड़ा हो गया था। जिसमें उन्होंने समझौता करा दिया था। इस बात से नाराज होकर सपा के सदर विधायक राजकुमार यादव ने 16 अक्टूबर को उन्हें रास्ते में रोककर अश्लील टिप्पणी और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी थी। अगले दिन विधायक ने फोन कर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए जाति को लेकर टिप्पणी की थी। सीमा चौहान ने विधायक द्वारा उनके परिवार की हत्या कराने का अंदेशा भी जताया था। इस तहरीर पर पुलिस ने विधायक के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली है।
विवाद में शामिल एक पक्ष की युवती ने बुधवार को तहरीर दी। इसमें आरोप लगाया है कि मुहल्ले के विशाल चौहान, नीरज चौहान ने 12 अक्टूबर को उसके साथ मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए। अश्लील हरकतें की थी। थाने गई तो भाजपा नेत्री सीमा चौहान ने रिपोर्ट दर्ज नहीं होने दी। उसे बहन और मां सहित थाने में घंटों बैठाए रखा गया। पिता को भाजपा कार्यालय पर बुलाकर पूर्व विधायक अशोक चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान और सीमा चौहान ने गाली गलौज कर जान से मारने और बेटियों को गायब कराने की धमकी दी। युवती ने अपने परिवार के साथ अनहोनी की आशंका भी जताई है।
भाजपा नेत्री की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवती द्वारा बाद में तहरीर दी है, इसकी जांच कराई जा रही है।
- अजय कुमार पांडेय
एसपी, मैनपुरी मुकदमे से डरूंगा नहीं, पीड़ित की करेंगे रक्षा
जासं, मैनपुरी: लखनऊ से लौटकर सपा विधायक राजकुमार यादव ने बुधवार को पत्रकारों को बताया कि मामले में पीड़ित परिवार और उसकी बेटियों के साथ अन्याय किया गया। भाजपा नेताओं ने यह सब कराया। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह मदद कर रहे थे। इसके चलते ही उनके खिलाफ झूठा मुकदमा लिखाया गया है। सपा विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार पीड़ितों की आवाज उठाने वालों को इसी तरह डराकर चुप कराने की नीति पर काम कर रही है। परंतु मैं ऐसे हथकंडों से नहीं डरूंगा।