हर दिन के लिए तय करें एक संकल्प
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : शहर के कचहरी रोड स्थित कबीर आश्रम पर धार्मिक आयोजन कर नव
जागरण संवाददाता, मैनपुरी : शहर के कचहरी रोड स्थित कबीर आश्रम पर धार्मिक आयोजन कर नववर्ष का स्वागत किया गया। महंत अमरदास साहेब ने प्रवचन करते हुए कहा कि जीवन का एक महत्वपूर्ण वर्ष बीत गया। अब हमें साल के पूरे 365 दिनों के लिए एक योजना तय कर उसे पूर्ण करने का संकल्प लेना होगा। आज का काम कल पर टालने की आदत से परहेज करते हुए देश और समाज हित के कार्यों से जुड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक व्यक्ति एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे रहा है। सिर्फ एक ही दिन को विशेष दिन का दर्जा देना उचित नहीं है। रोज एक नया सबेरा होता है। हमें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि ईश्वर ने जो आज का दिन हमें उपहार में दिया है, उसका सदुपयोग करें। जब तक लक्ष्य का निर्धारण नहीं होगा तब तक इसी प्रकार भटकाव होता रहेगा। हमेशा मानव समय और भाग्य को कोसता है। जबकि, वह खुद कोई कार्य करना नहीं चाहता।
इंसान के कर्मों से ही भाग्य का निर्माण होता है। हम जैसा कार्य करेंगे, उसका प्रतिफल भी हमें वैसा ही मिलेगा। सत्संग में बैठकर सिर्फ ज्ञान की बातों को सुनने मात्र से भला होने वाला नहीं है। सत्संग में की गई साधना को हमें अपने जीवन में उतारना होगा। प्रवचनों के बाद सभी को प्रसाद का वितरण किया गया।