गंदगी पर भड़की कांग्रेस, कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
मैनपुरी जासं। शहर में गंदगी की समस्या को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के नाराज कार्यकर्ताओं ने पालिका प्रशासन के खिलाफ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंप जिलाधिकारी से शासन द्वारा भेजी गई धनराशि की जांच कराए जाने की मांग की है।
जासं, मैनपुरी: शहर में गंदगी की समस्या को लेकर शहर कांग्रेस कमेटी के नाराज कार्यकर्ताओं ने पालिका प्रशासन के खिलाफ कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। ज्ञापन सौंप जिलाधिकारी से शासन द्वारा भेजी गई धनराशि की जांच कराए जाने की मांग की है।
बुधवार दोपहर कांग्रेस पदाधिकारी कलक्ट्रेट पहुंचे। प्रदेश महासचिव प्रकाश प्रधान ने कहा कि नगर पालिका द्वारा सुविधाओं पर ही डाका डाला जा रहा है। नालों की सफाई के नाम पर 80 लाख रुपये खर्च कर दिए, लेकिन नालों की सफाई हुई ही नहीं है। शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि मुहल्ला गाड़ीवान, मुहल्ला अग्रवाल, महमूदनगर, बंशीगौहरा, खरगजीत नगर, राजीव गांधी नगर, यदुवंशनगर, कांशीराम कॉलोनी सहित दर्जनों कॉलोनियों में जलभराव और कूडे़ के ढेर लगे हुए हैं। डस्टबिन के नाम पर पालिका प्रशासन द्वारा बड़ा खेल किया गया है। कॉलोनियों में कहीं भी कूडे़दान नहीं रखवाए गए हैं, जबकि बड़ा बजट बनाकर पास करा दिया गया।
कांग्रेसियों ने कलक्ट्रेट पर विरोध करते हुए जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह को ज्ञापन देकर खर्च की गई धनराशि की जांच कराए जाने की मांग की है। इस मौके पर जीतू राठौर, विनीत जैन, सुनील बाथम, सर्वेश राजपूत, रामपाल सिंह, धारम सिंह आदि मौजूद थे।