करहल में आमने-सामने आए भाजपा-सपा कार्यकर्ता, फायरिग
सपा महासचिव रामगोपाल यादव के भांजे सहित दो घायल चार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद मुकदमा भाजपा ने बताया एकपक्षीय कार्रवाई
संसू, करहल(मैनपुरी): एमएलसी चुनाव में मतदान के दौरान मंगलवार को भाजपा और सपा नेताओं में विवाद के बाद फायरिग हुई। फायरिग में सपा महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव के भांजे व ब्लाक प्रमुख बिल्लू यादव ने खुद व एक सहयोगी के घायल होने की बात कही है। हालांकि मेडिकल में गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की रिपोर्ट चार भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ लूटपाट और जानलेवा हमले की धाराओं में दर्ज कराई गई है। दूसरी ओर भाजपा घटना को सपा की साजिश बताते हुए पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगा रही है।
मंगलवार को करहल के ब्लाक संसाधन केंद्र पर एमएलसी के चुनाव को लेकर मतदान चल रहा था। मतदान केंद्र से करीब दो सौ मीटर दूर सपा और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों ने बस्ते लगाए थे। दोपहर करीब 12 बजे मतदाताओं की पर्चियां बनाने के दौरान छींटाकशी पर सपा और भाजपा के कार्यकर्ताओ में विवाद हो गया। इसके बाद फायरिग होने लगी। आधा दर्जन गोलियां चलने से दहशत फैल गई। घटना के बाद फायरिग करने वाले मौके से फरार हो गए। सूचना पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय मौके पर पहुंच गए। इस दौरान मतदान बूथ में मतदान का सिलसिला बेरोकटोक चलता रहा।
कुछ देर बाद सपा के एमएलसी अरविद यादव और ब्लाक प्रमुख बिल्लू यादव अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए। बिल्लू यादव ने आरोप लगाया कि गौरव यादव, प्रदीप यादव, सौरभ यादव, अनुज यादव निवासीगण गांव मानिकपुर ने नगर पंचायत तिराहे के पास (घटनास्थल के पास का स्थान) उन्हें घेर लिया और मारपीट कर घायल कर दिया। उन पर फायरिग भी की। उन्हें बचाने पहुंचे प्रधान जसकरन सिंह को भी हमलावरों ने घायल कर दिया। बिल्लू यादव ने खुद के पांच हजार रुपये और सोने की चेन लूटे जाने का भी आरोप लगाया।
बिल्लू यादव की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश भी बताई जा रही है। हालांकि पुलिस गोली लगने और लूटपाट होने से इन्कार कर रही है। हमले में घायल बिल्लू यादव सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव के भांजे और एमएलसी अरविद यादव के भाई है। शाम को आइजी आगरा ए सतीश गणेश ने भी मौके पर पहुंच कर घटनाक्रम की जानकारी ली। दूसरी तरफ शाम को मुकदमे के विरोध में भाजपा नेता थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया।
घटनास्थल से बाइक, कारतूस के खोखे बरामद: घटनास्थल से काली रंग की पल्सर बाइक और कारतूस के चार खोखे मिले हैं। पुलिस के मुताबिक बाइक का पंजीकरण किसी संजीव कुमार के नाम है। 'मामले में चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश की जानकारी मिली है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।' अजय कुमार पांडेय, एसपी 'भाजपा ने पहली बार करहल क्षेत्र में चुनावी बस्ता लगाया और सपा को मनमानी नहीं करने दी। इससे सपा बौखलाकर कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। खुद फायरिग कर झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने भी अब तक एकपक्षीय कार्रवाई की है। इस मामले को ऊपर तक उठाया जाएगा।' प्रदीप चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष भाजपा नेता की तरफ से भी लूट और मारपीट की दी तहरीर
संसू,करहल: समाजवादी पार्टी के नेता ब्लाक प्रमुख बिल्लू यादव द्वारा भाजपा नेता गौरव यादव व अन्य दो के खिलाफ मारपीट, फायरिग व लूट की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद देर रात भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में थाने आ गए। भाजपा नेता गौरव यादव की तरफ से उनके चचेरे भाई अभिषेक यादव ने सपा नेता बिल्लू यादव निवासी सिरसागंज रोड करहल, अखिलेश उर्फ बंटू प्रधान निवासी गांव कुदैया, थाना कुर्रा, लालू यादव पुत्र मिलाप सिंह निवासी गांव बोझा थाना कुर्रा के खिलाफ मारपीट, सोने की चैन के साथ रुपये लूटने तथा फायरिग करने के आरोप की तहरीर दी है।
अभिषेक का कहना है मेरा भाई गौरव यादव शिक्षक स्नातक एमएलसी चुनाव के समय ब्लाक परिसर में मतदान केंद्र पर पोलिग एजेंट था। वहां पर सपा नेता ब्लाक प्रमुख बिल्लू यादव अपने राजनीतिक प्रभाव से मतदाताओं को प्रभावित कर अपने प्रत्याशी के पक्ष में वोट के लिए कह रहे थे, जिसका विरोध गौरव ने किया। बिल्लू यादव ने उसी समय बाहर निकल कर देख लेने की धमकी दी। जब हम दोपहर लगभग 12 बजे ब्लाक परिसर से निकल कर बाहर आए तो नगर पंचायत तिराहे पर उक्त तीनों ने मेरे ऊपर जान से मारने के लिए फायर कर दिए। इसके बाद मेरी जेब से रुपये निकालने के साथ गले से सोने की चेन छीन ली। भाग कर कार में बैठकर अपने घर चला आया। इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार सिंह चौहान का कहना है तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।