महर्षि वाल्मीकि को लोगों ने किया नमन, किया पूजन
मैनपुरी जासं सक्षम संस्था के पदाधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर शहर के देवी रोड पर कार्यक्रम हुआ।
मैनपुरी, जासं : सक्षम संस्था के पदाधिकारियों ने महर्षि वाल्मीकि जयंती पर शहर के देवी रोड स्थित संत रविदास मंदिर पहुंचकर वहां विधि-विधान पूजन किया।
जिलाध्यक्ष डा. एके जौहरी ने कहा कि जातियों के बंधन में समाज को बांधकर जो लोग भेदभाव पैदा करते हैं, ऐसे लोगों को हमें ही जवाब देना होगा। महापुरुषों पर किसी का एकाधिकार नहीं है। वे सर्व समाज के होते हैं। इस मौके पर एससीएसटी आयोग के पूर्व सदस्य गौरव दयाल वाल्मीकि, कुलदीप सक्सेना, चंदन सिंह, विनोद तिवारी, हरिओम दुबे, देवेश अवस्थी आदि मौजूद थे।
मन के भीतर के आनंद को महसूस करो
जासं, मैनपुरी : शहर के करहल रोड स्थित आदिनाथ दिगंबर बड़ा जैन मंदिर में रविवार को आचार्य विशोक सागर ने कहा कि हमें मन के भीतर के आनंद को महसूस करने की जरूरत है। जो व्यक्ति सदैव स्वयं को आनंदित महसूस करते हैं, वे सदैव सुखद अहसास करते हैं। जिन सूर्य ही संसार के समस्य अंधकार को दूर करने की शक्ति रखता है। जिन सूर्य ऐसा सूर्य है जो कभी अस्त नहीं होता। धार्मिक बातों का अनुसरण कर और सन्मार्ग को अपनाकर हम जीवन को दुख और कष्ट से मुक्त बना सकते हैं। बीमारी से तीन बुजुर्गों की मौत
जासं, मैनपुरी : अलग-अलग बीमारियों से तीन बुजुर्गों ने दम तोड़ दिया। श्वांस की दिक्कत बढ़ने के बाद शहर के देवपुरा निवासी श्रीनाथ (65) को स्वजन द्वारा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। औंछा थाना क्षेत्र के नगला हरी निवासी सुदामा देवी (55) पत्नी अशोक कुमार और हरिदर्शन नगर निवासी रामविलास (75) की बुखार की वजह से मौत हो गई।
18 के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज
जासं, मैनपुरी : रविवार को भी विभागीय टीमों ने देहातों में बिजली चोरी रोकने के लिए अभियान चलाया। जांच के दौरान जेई असलमुद्दीन की टीम ने गांव कुम्हरौआ में नौ लोगों के घरों में चोरी से बिजली जलते पकड़ी। अवर अभियंता पंकज कनौजिया ने अंडनी में पांच और बरनाहल में जेई जयदयाल ने चार लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की तहरीर विद्युत थाने में दी है। छह गांवों में बने 780 गोल्डन कार्ड
जासं, मैनपुरी : सीडीओ ईशा प्रिया ने बताया है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत विकास खंड मैनपुरी के छह गांवों में प्रगति अच्छी नहीं थी। रविवार को कैंप लगाकर यहां कार्ड बनवाए गए। दिनभर में 780 लोगों के गोल्डन कार्ड बनवाए गए हैं। अब ये सभी लाभार्थी सरकार द्वारा चयनित किए गए अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज ले सकेंगे।