रामलीला मैदान से नहीं निकल सका पानी, फैल रहीं बीमारियां
मैनपुरी जासं। नगर पालिका का वार्ड नंबर 31 रामलीला मैदान सुविधाओं से बहुत दूर है। सबसे बड़ी समस्या जलभराव की है। न तो नालियों की सफाई कराई गई है और न ही नालों से सिल्ट और गंदगी निकलवाई जा रही है। खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मच्छरों के आतंक से लोग खौफ•ादा हैं।
जासं, मैनपुरी: नगर पालिका का वार्ड नंबर 31, रामलीला मैदान में सबसे बड़ी समस्या जलभराव की है। यहां न तो नालियों की सफाई कराई गई और न ही नालों से सिल्ट और गंदगी निकलवाई जा रही है। इसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। मच्छरों के आतंक से लोग खौफ•ादा हैं। गंदगी से संक्रामक रोग और मच्छरों से बीमारियां फैलने का अंदेशा भी बढ़ गया है।
वार्ड में ज्यादातर रास्ते जर्जर हैं। कहीं सड़कें उधड़ी पड़ी हैं तो कहीं इंटरलॉकिग मुसीबत बढ़ा रही है। उस पर खुली नालियों में बहता गंदा बदबूदार पानी दुर्गंध फैला रहा है। गलियों में खंभे तो हैं लेकिन ज्यादातर में लाइटें ही नहीं हैं। रात में अक्सर लोग चोटिल हो रहे हैं। उखड़ी गलियों का निर्माण तो दूर सीवर लाइन से टूटी गलियों की मरम्मत भी नहीं कराई गई।
हैंडपंपों पर कब्जा तो कहीं पानी ही गायब: वार्ड में ज्यादातर हैंडपंपों की स्थिति खराब है। कुछ में लोगों ने अपनी निजी सबमर्सिबल पंपों को डालकर कब्जा कर लिया है। ज्यादातर हैंडपंप खराब पडे़ हैं। बजाय मरम्मत कराने के लोगों की शिकायतों को भी अनदेखा कर दिया गया। कई गलियों में लोगों को पानी के लिए दूरदराज लगे हैंडपंपों पर जाना पड़ता है।
बोले लोग
सफाई कर्मी मनमाने ढंग से आते हैँ जिससे गलियों में हर तरफ गंदगी का डेरा है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। शिकायतों के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई।
योगेश चंद्रा।
क्षेत्र में कहीं भी कूड़ेदान नहीं रखे गए हैं। जिससे घरों से निकलने वाला कूड़ा चारों तरफ फैलता रहता है। मजबूरी में लोगों को प्लाटों में ही कचरा फेंकना पड़ता है।
वरुण कुमार।
गलियों में बिजली के खंभों पर लाइटें नहीं लगी हैं। जिससे रात को गलियों में अंधेरा रहने से निकलते समय लोगों को परेशानी होती है। कई बार मांग की गई लेकिन सुविधा नहीं मिल पाती है।
अभिषेक।
मुहल्ले में सीवर लाइन बिछाने को खोदी गई गलियों की मरम्मत नहीं की गई है, जिससे उखड़ी गलियों से निकलते बच्चे व बुजुर्ग ठोकर लगने से चोटिल हो जाते हैं।
पंकज कुमार।
पालिका प्रशासन में सुविधाओं की सूची बनाकर दी गई है। बोर्ड में भी प्रस्ताव रखा गया। बहुत सी गलियों की मरम्मत करा दी गई है। कई गलियों की मरम्मत होनी है। नालियों की सफाई के लिए भी टीम को योजना बनाकर दी गई है।
रामनिवास, सभासद।