इलेक्ट्रिक लाइन पर पहली बार मालगाड़ी ने भरी रफ्तार
मैनपुरी से टूंडला स्टेशन तक रवाना की गई पहली मालगाड़ी जल्द ही दौड़ेंगे सवारी गाड़ियां
जासं, मैनपुरी: विद्युतीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद मैनपुरी-शिकोहाबाद ट्रैक पर शुक्रवार को पहली ट्रेन ने रफ्तार भरी। टूंडला स्टेशन पर इलेक्ट्रिक इंजन की मदद से मालगाड़ी को रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों द्वारा अब इस ट्रैक पर जल्द ही सवारी गाड़ियों के संचालन की उम्मीद भी जताई गई है।
नवंबर, 2021 में शिकोहाबाद से मैनपुरी तक के लगभग 50 किमी ट्रैक को विद्युतीकृत कराया गया था। 31 दिसंबर 2021 को सीआरएस रेलवे के अधिकारियों द्वारा विशेष ट्रेन की मदद से इस नवनर्मित लाइन पर सुरक्षा का जायजा लिया था। पूरी तरह से पड़ताल करने के बाद संचालन की अनुमति दी गई थी। सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद शुक्रवार को पहली मालगाड़ी को रवाना किया गया।
शुक्रवार की सुबह 6:10 बजे 42 वैगनों में सीमेंट की बोरियां लादकर इलेक्ट्रिक इंजन की मदद से मालगाड़ी मैनपुरी पहुंची। दिनभर माल की अनलोडिग करने के बाद शाम 5:20 बजे खाली वैगनों को दूसरे इलेक्ट्रिक इंजन की मदद से टूंडला जंक्शन के लिए रवाना कराया गया। स्टेशन अधीक्षक एचएस मीणा का कहना है कि इस लाइन पर यह पहली ट्रेन है। अब उम्मीद बंधी है कि इस ट्रैक पर रेलवे द्वारा सवारी गाड़ियों का संचालन भी कराया जा सकता है। निकली धूप से मिली राहत, तापमान भी बढ़ा: जासं, मैनपुरी: शुक्रवार को मौसम ने बड़ी राहत दी। कोहरा से परेशान नागरिकों को मौसम साफ होने से मदद मिली। सुबह से शाम तक खिली धूप से नागरिक खुश नजर आए। अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान बीते दिन के मुकाबले कुछ सुधार दिखा। साफ मौसम से सार्वजनिक स्थानों और बाजार में भी खूब चहल-पहल दिखी।
सुबह मौसम साफ रहा। कोहरा और धुंध भी बीते दिनों के मुकाबले नजर नहीं आई। सूर्यदेव भी समय पर निकले तो अच्छी धूप से हर किसी को राहत मिली। धूप तेज होने से दिन का तापमान भी सुधर गया। यह 22.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ।
खूब दिखी चहल-पहल: धूप निकलने से हर कोई राहत में दिखा। ऐसे साफ मौसम की वजह से सार्वजनिक स्थानों के अलावा बाजारों में भी खूब चहल-पहल रही। लोहिया पार्क में भी नागरिक ऐसे मौसम की वजह से भारी संख्या में घूमने आए।
रात को रही गलन: अब मौसम भले ही दिन मे राहत देने वाला रहा हो, लेकिन रात में गलन का प्रभाव बरकरार है। यह सुबह तक बनी रहती हैं। कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, अब मौसम साफ रहेगा। आगामी दिनों में बयार चलने से शरीर को चुभन हो सकती है। उन्होंने अब किसानों से गेहूं की तीसरी सिचाई करने को कहा है।