जमीन के विवाद में फायरिग, युवक की हत्या
कुसमरा संवाद सूत्र एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव इलाबांस में जमीन के पुराने विवाद में फायरिग हुई।
संसू, कुसमरा : एलाऊ थाना क्षेत्र के गांव इलाबांस में जमीन के पुराने विवाद में फायरिग हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। सूचना मिलते ही एसपी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। प्रधान पति पर गोली मारने का आरोप लगाया जा रहा है। मृतक के भाई ने प्रधान पति के अलावा उनके स्वजनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रधान पति समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सोमवार की सुबह लगभग नौ बजे इलाबांस निवासी सौरभ मिश्रा (27) पुत्र कौशल किशोर मिश्रा अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे। पड़ोस में ही प्रधान पति प्रदीप सिंह परमार परिवार के साथ रहते हैं। प्रधान द्वारा लंबे समय से भूखंड को अपना बताया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य देख प्रधान पति साथियों को लेकर पहुंच गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, अचानक लाइसेंस रायफल से फायरिग शुरू कर दी। एक गोली सौरभ के सीने में लगी। इससे वे लहूलुहान होकर गिर पडे़। उनके चाचा एकलव्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्वजन घायल को लेकर अस्पताल जा रहे थे। तभी रास्ते में सौरभ की मृत्यु हो गई। सूचना मिलते ही एसपी अजय कुमार पांडेय, एएसपी और सीओ सिटी के साथ मौके पर पहुंच गए। एलाऊ, किशनी, कुर्रा और बेवर थाने के पुलिस बल को भी बुला लिया गया। पुलिस ने दबिश देकर प्रधान पति व उसके साथियों को हिरासत में ले लिया है। मृतक के भाई शिवम ने प्रधान उमा देवी, प्रधान पति प्रदीप, उनके पुत्र रजत, रॉबिन, सर्वेश व अंकुर पुत्र महावीर के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसपी का कहना है कि मौके से कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एहतियातन गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।