दावत के बाद मैरिज होम संचालकों ने सड़कों पर फेंकी गंदगी
मैनपुरी जासं सहालग के सीजन में शहर की सफाई व्यवस्था को पलीता लगाया जा रहा है।
मैनपुरी, जासं : सहालग के सीजन में शहर की सफाई व्यवस्था को पलीता लगाया जा रहा है। मैरिज होम संचालक बेखौफ होकर सड़कों और नालों में गंदगी फेंक रहे हैं। इस मनमानी पर लगाम कसने के लिए पालिका प्रशासन द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं कराई गई।
सोमवार को बड़ी सहालग होने की वजह से शहर के मैरिज होम और अन्य स्थल बुक थे। दावतों का दौर भी देर रात तक चलता रहा। मंगलवार की सुबह विदाई के साथ ही मैरिज होम की सफाई भी शुरू करा दी गई। मैरिज होम संचालकों ने गंदगी को निकलवाकर सड़कों पर फेंक दिया। शहर में स्टेशन रोड पर हरिदर्शन नगर के सामने मुख्य सड़क, देवी रोड पर कच्चा आढ़ती स्कूल के बाहर और देवी रोड चुंगी के पास की सड़क गंदगी से अटी रही।
बचे हुए भोजन, सब्जियों के अलावा डिस्पोजल प्लेट और अन्य सामग्री को सड़कों और नालों में फेंक दिया गया। बेसहारा जानवरों के अलावा सूकर इस गंदगी को जहां-तहां फैला रहे थे। दुर्गंध के कारण रास्ते से गुजरने वाले लोग भी नाक ढंग कर गुजरते दिखे। दोपहर 12 बजे तक पालिका प्रशासन की टीम द्वारा गंदगी की सफाई नहीं कराई गई। इतना ही नहीं, मैरिज होम संचालकों की मनमानी के खिलाफ भी अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। सड़कों पर नहीं दिखते सफाई निरीक्षक
नगर पालिका में दो सफाई निरीक्षक हैं। दोनों को ही शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेकिन उनके द्वारा व्यवस्था की पड़ताल नहीं की जाती। मौके पर हालातों का जायजा नहीं लेते। दीपावली से पहले पालिकाध्यक्ष मनोरमा देवी ने बैठक में सफाई निरीक्षकों के पेच कसते हुए उन्हें सफाई व्यवस्था की मानीटरिग करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी व्यवस्था ठप पड़ी है। कागजों पर ही औपचारिकता पूरी कराई जा रही है। मैरिज होम संचालकों और दुकानदारों को चेतावनी दी जाती है कि वे कचरे को सड़क पर न फेंकें। कूडे़दान रखवाए गए हैं, उनमें गंदगी डालें। यदि सड़क पर होटल या दुकानों की गंदगी मिलती है तो फिर ऐसे लोगों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई कराई जाएगी।
मनोरमा देवी, पालिकाध्यक्ष।