सत्ता के इशारे पर सपा कार्यकर्ताओं पर हो रहे झूठे मुकदमे
विधायक ने दी चेतावनी कहा आचार संहिता हटने से पहले मुकदमा निरस्त नहीं हुआ तो करेंगे बड़ा आंदोलन।
मैनपुरी, जागरण संवाददाता। सत्ता के इशारे पर पुलिस अधिकारी सपा कार्यकर्ताओं को झूठे मुकदमों में फंसा रहे है। अंगौथा नगरिया प्रकरण में सपा कार्यकर्ता पर झूठा मुकदमा दर्ज किया है। आचार संहिता हटने से पहले मुकदमा समाप्त नहीं हुआ तो सपा बड़ा आंदोलन करेगी।
यह चेतावनी किशनी विधायक बृजेश कठेरिया ने दी। गुरुवार को सपा कार्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि अंगौथा नगरिया विवाद में सपा युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेन्द्र उर्फ पप्पू को झूठा नामजद किया है। जब कि वह उस दिन बसपा जिलाध्यक्ष शुभम सिंह और देवेंद्र सिंह एडवोकेट के साथ था। विवाद में पुलिस ने भाजपा नेताओं के इशारे पर मुकदमा दर्ज कर उसे भी नामजद कर लिया, जबकि सीओ और कोतवाली प्रभारी मामले को रफा-दफा करने की कहते रहे।
उन्होंने कहा कि जानकारी पर वह कोतवाली पहुंचे तो वहां भाजपा प्रत्याशी के पुत्र और एक अन्य बैठे मिले। इसी दौरान भाजपा नेताओं के फोन आने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। मामले में पुलिस ने एक कार्यकर्ताओं को जेल भेज दिया। विधायक ने कहा कि आचार संहिता हटने से पहले मुकदमा समाप्त नहीं किया गया तो सपा बड़ा आंदोलन करेगी। वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष खुमान सिंह, देवेंद्र यादव एडवोकेट, लोवा जिलाध्यक्ष
रावल सिंह, राधाकिशन कश्यप, हरीओम बाबा, विक्रम यादव आदि मौजूद रहे।